नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी के लाजपत नगर-1 में हुए दोहरे हत्याकांड ने इलाके में दहशत फैला दी है। एक 24 वर्षीय नौकर ने अपनी मालकिन और उनके 14 वर्षीय बेटे की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी।
मृतकों की पहचान 42 वर्षीय रुचिका सेवानी और उनके बेटे कृष सेवानी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को भागते समय गिरफ्तार कर लिया है।घटना बुधवार रात की है, जब रुचिका के पति कुलदीपति (44) ने पुलिस को सूचना दी कि उनकी पत्नी और बेटा कॉल का जवाब नहीं दे रहे और घर के बाहर खून के धब्बे दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा तो अंदर रुचिका और कृष के खून से लथपथ शव मिले। रुचिका अपने पति के साथ लजपत नगर मार्केट में गारमेंट की दुकान चलाती थीं, जबकि कृष कक्षा 10 का छात्र था।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी मुकेश, जो बिहार के हाजीपुर का रहने वाला है और दुकान पर सहायक के रूप में काम करता था, घटना के बाद फरार हो गया था। उसे अमर कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि रुचिका द्वारा डांटे जाने से नाराज मुकेश ने इस वारदात को अंजाम दिया।दिल्ली पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच कर रही है। इस घटना ने स्थानीय लोगों में आक्रोश और भय का माहौल पैदा कर दिया है।


No comments:
Post a Comment