देहरादून। उत्तराखंड में 24 और 28 जुलाई 2025 को प्रस्तावित त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों को स्थगित करने की मांग को लेकर सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन (एसडीसी) ने उच्च न्यायालय में पत्र याचिका दायर की है।
एसडीसी के संस्थापक अनूप नौटियाल ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़े असामान्य रूप से तीव्र मानसून की चेतावनी दे रहे हैं, जो जन-जीवन के लिए खतरा बन सकता है।
नौटियाल ने बताया कि जून 2025 में 240 मिमी वर्षा दर्ज हुई, जो सामान्य 176 मिमी से 36% अधिक है। वहीं, 25 जून से 2 जुलाई तक 130.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 66.2 मिमी से 96% ज्यादा है।
जुलाई में भारी बारिश से भूस्खलन, बाढ़ और ढलान टूटने की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में चुनाव कराना मतदाताओं और निर्वाचन कर्मियों के लिए जोखिम भरा होगा।
एसडीसी ने हाईकोर्ट से अनुरोध किया है कि राज्य सरकार को चुनाव सितंबर या अक्टूबर-नवंबर 2025 तक टालने का निर्देश दिया जाए।


No comments:
Post a Comment