सोलन : हाई स्पीड से बाइक चला रहे युवक ने कार को मारी टक्कर, गिरफ्तार - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, June 18, 2025

सोलन : हाई स्पीड से बाइक चला रहे युवक ने कार को मारी टक्कर, गिरफ्तार


सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में तेज रफ्तारी और लापरवाही से मोटरसाइकिल चलाने वाले एक युवक ने सड़क किनारे खड़ी कार को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस चौकी डगशाई में दर्ज शिकायत के अनुसार, कुमारहट्टी निवासी राम सागर, जो होटल व्यवसायी हैं, ने बताया कि 15 जून 2025 को सुबह करीब 7:45 बजे उनके होटल कर्मचारियों ने सूचना दी कि सड़क किनारे खड़ी उनकी कार को एक मोटरसाइकिल ने टक्कर मार दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि कार को काफी नुकसान हुआ था, लेकिन वहां कोई मोटरसाइकिल या वाहन मौजूद नहीं था। सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल नंबर सीएच-01-सीटी-3524 का चालक तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चला रहा था। मोटरसाइकिल पहले सड़क के डिवाइडर से टकराई और फिर राम सागर की कार से जा भिड़ी।



पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से मोटरसाइकिल सवार की पहचान नीरज कुमार (25 वर्ष), पुत्र राम वदन प्रसाद, निवासी हलो माजरा, चंडीगढ़ के रूप में हुई। डगशाई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नीरज को चंडीगढ़ से हिरासत में लिया और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया।

जांच में सामने आया कि 15 जून 2025 को नीरज अपने साथियों के साथ चंडीगढ़ से सोलन घूमने आया था। वापसी के दौरान शमलेच टनल के पास से चंडीगढ़ लौटते समय वह तेज रफ्तारी से मोटरसाइकिल चला रहा था। इसी लापरवाही के कारण उसका वाहन सड़क किनारे खड़ी कार से टकरा गया। टक्कर के बाद नीरज मोटरसाइकिल सहित मौके से फरार हो गया था। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta