रामपुर। उत्तर प्रदेश के रामपुर में शादी से एक दिन पहले दूल्हे निहाल की हत्या करने वाला मुख्य आरोपी सद्दाम पुलिस मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हो गया है। पुलिस के अनुसार, सद्दाम ने हिरासत के दौरान हेड कांस्टेबल की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की, जिसके बाद मुठभेड़ में उसके पैर में गोली लगी।
सीओ सिटी जितेंद्र सिंह ने बताया कि सोमवार रात हिरासत में लिए गए सद्दाम को हत्या में प्रयुक्त सामान बरामद करने के लिए मौका-ए-वारदात पर ले जाया जा रहा था। इस दौरान उसने पिस्टल छीनकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई, जिससे सद्दाम घायल हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, गांव धनुपुरा निवासी सद्दाम और उसके साथी फरमान ने गूजर टोली निवासी निहाल की हत्या की थी। निहाल की शादी उस लड़की (गुलफशां) से होने वाली थी, जिससे सद्दाम प्रेम करता था। पूछताछ में सद्दाम ने बताया कि गुलफशां के साथ उसका प्रेम संबंध था, लेकिन उसके परिजनों ने निहाल से उसका निकाह तय कर दिया। इससे नाराज सद्दाम ने निहाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
उसने दुल्हन का चचेरा भाई बनकर निहाल का अपहरण किया और गला दबाकर उसकी हत्या कर शव रतनपुरा शुमाली के जंगल में फेंक दिया।
पुलिस ने हत्या के दूसरे आरोपी फरमान को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। निहाल के परिजनों ने गुलफशां पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है, जिसके आधार पर उसे भी नामजद किया गया है। निहाल के भाई नायब ने कहा, "हमें सिर्फ इंसाफ चाहिए। आरोपियों को फांसी की सजा मिले।" परिजनों ने गुलफशां की गिरफ्तारी की भी मांग की है।
निहाल की हत्या के बाद परिवार में शोक का माहौल है। सोमवार देर रात उसे गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और सद्दाम के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


No comments:
Post a Comment