शिमला। हिमाचल प्रदेश में पूर्व मुख्य संसदीय सचिव (सीपीएस) नीरज भारती की सोशल मीडिया पोस्ट्स ने सियासी हलचल मचा दी है। गुरुवार को उनके पिता और कृषि मंत्री चंद्र कुमार द्वारा सचिवालय में तबादला विवाद सुलझाने का दावा किए जाने के कुछ घंटों बाद ही नीरज ने नई पोस्ट डालकर पिता पर तीखा हमला बोला। इस पोस्ट ने राज्य की राजनीति में तनाव बढ़ा दिया है।
नीरज भारती ने सोशल मीडिया पर अपने पिता को संबोधित करते हुए लिखा कि तबादले हिमाचल की राजनीति का हिस्सा हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष में रहते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के तबादलों पर नेताओं द्वारा सहानुभूति दिखाई जाती है, लेकिन सत्ता में आने पर वही नेता तबादलों को महत्वहीन बताते हैं। नीरज ने कहा कि बीजेपी समर्थक कर्मचारियों के तबादले हो रहे हैं, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ देने वालों के तबादले अब तक नहीं हुए। उन्होंने इसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं की लड़ाई करार देते हुए खुलकर लड़ने की बात कही, भले ही उन्हें अकेले ही अपने पिता और सरकार के खिलाफ क्यों न जाना पड़े। नीरज ने पिता से कहा, “आप अपनी मंत्री की कुर्सी का आनंद लीजिए।”
इस बीच, बीजेपी विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने नीरज की पोस्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। सत्ती ने कहा कि यह पोस्ट कांग्रेस मंत्रियों की असहाय स्थिति को दर्शाती है। उन्होंने दावा किया कि न केवल चंद्र कुमार, बल्कि सभी मंत्रियों की हालत ऐसी ही है। सत्ती ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है, विकास कार्य ठप हैं, और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को कमेटियों में जगह दी जा रही है, जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है।
बता दें कि नीरज भारती पहले भी अपनी पोस्ट्स को लेकर विवादों में रहे हैं, हालांकि कांग्रेस के कुछ नेता इसे गंभीरता से न लेने की बात कह रहे हैं। इस घटनाक्रम ने हिमाचल की सियासत में नया मोड़ ला दिया है।



No comments:
Post a Comment