श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए खाने-पीने और ठहरने की दरें तय, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, June 30, 2025

श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए खाने-पीने और ठहरने की दरें तय, उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई



निरमंड। देश की कठिनतम धार्मिक यात्राओं में से एक हिमाचल प्रदेश की श्रीखंड महादेव यात्रा के लिए श्रीखंड महादेव यात्रा ट्रस्ट निरमंड ने खाने-पीने और ठहरने की दरें निर्धारित कर दी हैं। यह निर्णय यात्रियों की सुविधा और लूटखसोट रोकने के लिए लिया गया है। यात्रा 10 जुलाई से 24 जुलाई तक चलेगी।

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि विभिन्न पड़ावों पर चाय 15 से 45 रुपये, परांठा 35 से 75 रुपये, मैगी 35 से 75 रुपये प्रति पैकेट और नाश्ता 75 से 180 रुपये प्रति यात्री निर्धारित किया गया है। ठहरने की दरें भी पड़ावों के अनुसार अलग-अलग हैं, जिसमें पार्वती बाग में 290 रुपये, भीम डवारी में 270 रुपये, काली घाटी और कुनशा में 230 रुपये, थाचडू में 200 रुपये, बराटीनाला में 130 रुपये और बेस कैंप सिंहगाड में 110 रुपये प्रति यात्री तय की गई हैं। बिस्तर की सुविधा के लिए पार्वती बाग में 320 रुपये, भीम डवारी में 300 रुपये, काली घाटी और कुनशा में 250 रुपये, पोम में 210 रुपये, बराटीनाला में 150 रुपये और बेस कैंप सिंहगाड में 110 रुपये प्रति यात्री निर्धारित हैं।

एसडीएम ने चेतावनी दी कि तय दरों से अधिक वसूली करने वाले व्यवसायियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जुर्माना सहित सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि वे निर्धारित दरों का पालन करें ताकि यात्रियों को उचित सुविधाएं मिल सकें।

प्रशासन ने कहा कि यात्रियों के लिए सुचारू और सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है। यह कदम न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा, बल्कि यात्रा के दौरान होने वाली अनुचित वसूली को भी रोकेगा।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta