बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा फिर शुरू, चमोली में बारिश से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ीं - सत्यमेव जयते

Breaking

Monday, June 30, 2025

बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा फिर शुरू, चमोली में बारिश से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ीं



चमोली। भारी बारिश, भूस्खलन और पहाड़ों से बोल्डर गिरने के कारण 24 घंटे के लिए स्थगित की गई बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब यात्रा सोमवार से पुनः शुरू हो गई है। रविवार को पीपलकोटी, गौचर और जोशीमठ में रोके गए तीर्थयात्रियों को रवाना किया गया। बदरीनाथ हाईवे के सुचारू होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस-प्रशासन मौसम की जानकारी जुटाकर यात्रियों को अपडेट कर रहा है और खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रुकने की अपील कर रहा है। जिलाधिकारी डाॅ. संदीप तिवारी ने बताया कि बदरीनाथ हाईवे सुचारू हो गया है, लेकिन जिले में 47 ग्रामीण और लिंक रोड अभी भी अवरुद्ध हैं, जिन्हें खोलने के प्रयास जारी हैं।
बारिश ने बढ़ाई ग्रामीणों की परेशानी
चमोली जिले में बारिश ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गौचर नगर में पहाड़ी से बोल्डर गिरने से पेयजल योजना क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे जलापूर्ति बाधित हो गई है। प्रशासन टैंकरों के जरिए पानी की आपूर्ति कर रहा है। वहीं, नन्दप्रयाग नन्दानगर फीडर में खराबी से कई गांवों की विद्युत आपूर्ति ठप रही। जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय के अनुसार, गैरसैंण के 5 और कर्णप्रयाग के 25 गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनके जोशी ने बताया कि जिला अधिकारी के निर्देश पर विद्युत आपूर्ति बहाल करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सतर्कता बरतने की अपील की है ताकि मौसम से संबंधित जोखिमों से बचा जा सके।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta