हल्द्वानी। हल्द्वानी के बिड़ला स्कूल के पास 23 जून की शाम हुए सनसनीखेज गोलीकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रोहित मंडोला उर्फ राजा सहित सात हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने शहर में दहशत फैला दी थी, और अब पुलिस की सक्रियता से लोगों में राहत की भावना है।
घटना 23 जून की शाम करीब 7:30 बजे प्रेमपुर लोशज्ञानी रोड पर हुई, जब हरीश सिंह मेहरा अपने साथियों नीरज भगत, भूपेंद्र सिंह बोरा और गणेश सिंह दरम्बाल के साथ छड़ायल की ओर जा रहे थे। तभी रोहित मंडोला और उसके 12-15 हथियारबंद साथियों ने पहले से घात लगाकर उनकी कार पर हमला किया। हमलावरों ने पहले कार पर पथराव किया और फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में भूपेंद्र सिंह बोरा को दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हरीश और गणेश को भी चोटें आईं, जबकि नीरज भगत ने साहस दिखाते हुए पूरी घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली। यह वीडियो पुलिस के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित हुई है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रोहित मंडोला (हरीपुर लालमणि), प्रियाशु बिष्ट उर्फ हन्नु बिष्ट (करायल जौलासाल), विशाल बिष्ट (करायल जौलासाल), जीवन बिष्ट (छड़ैल सुयाल, हिमालयन कॉलोनी), उज्ज्वल परगाई (जीतपुर नेगी), अक्षय रंगवाल उर्फ अक्कू (हल्दूपोखरा नायक) और संदीप कुमार (देवलचौड़) को गिरफ्तार किया। इनके पास से एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन, एक जिंदा कारतूस और घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ है।
एसपी सिटी प्रकाश चंद्र ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। रोहित मंडोला पर पहले मारपीट और धमकी, विशाल बिष्ट पर आर्म्स एक्ट, उज्ज्वल परगाई पर लालकुआं और बनभूलपुरा थानों में चोरी, और संदीप कुमार पर चोरी व सेंधमारी के मामले दर्ज हैं। पुलिस शेष हमलावरों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पूछताछ के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं, और जल्द ही सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत की मांग की जाएगी।


No comments:
Post a Comment