बागेश्वर : किशोरियों से छेड़छाड़ और मारपीट करके मुर्गा बनाने वाला एक और धरा - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, April 8, 2025

बागेश्वर : किशोरियों से छेड़छाड़ और मारपीट करके मुर्गा बनाने वाला एक और धरा


बागेश्वर। किशोरियों के साथ छेड़छाड़, मारपीट, और वीडियो वायरल करने के सनसनीखेज मामले में बागेश्वर पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लिया जा चुका है, जबकि दो अन्य अभी भी फरार हैं। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार को बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में दो किशोरियों के साथ मारपीट, छेड़छाड़, गाली-गलौच और उन्हें मुर्गा बनाने की घटना सामने आई थी। आरोपियों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस के काम में भी बाधा डाली। घटना के बाद एक पीड़िता के पिता ने लक्की कठायत, तनुज गड़िया, दक्ष फर्स्वाण और योगेश गड़िया के खिलाफ शिकायत दर्ज की। शिकायत में मारपीट, छेड़छाड़, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी और वीडियो वायरल करने का आरोप लगाया गया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 115(2), 352, 351(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 7/8 के तहत मुकदमा दर्ज किया। इस मामले में पुलिस ने तनुज गड़िया और योगेश गड़िया को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया।

हालांकि, दो अन्य आरोपी, लक्की कठायत और दक्ष फर्स्वाण, अभी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग किशोरियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं। पुलिस ने इस मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta