उत्तराखंड : आत्महत्या के लिए उकसाने पर डॉक्टर समेत चार पर मुकदमा दर्ज - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, April 8, 2025

उत्तराखंड : आत्महत्या के लिए उकसाने पर डॉक्टर समेत चार पर मुकदमा दर्ज


रुड़की। खानपुर क्षेत्र में एक पैथोलॉजी लैब में गोली मारकर आत्महत्या करने वाले युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक के चाचा ने लक्सर के एक निजी अस्पताल के डॉक्टर समेत चार लोगों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। आरोप है कि इन लोगों ने युवक को लगातार परेशान किया, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया।

जानकारी के अनुसार, खानपुर थाना क्षेत्र के लालचंदवाला गांव निवासी आजाद अली ने पुलिस को बताया कि उसका भतीजा नावेद अली लक्सर के एक निजी अस्पताल में प्रशिक्षु के तौर पर काम करता था। पिछले हफ्ते नावेद ने खानपुर की एक पैथोलॉजी लैब में देसी तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल (आरएनएस) भेजा।

आजाद अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नावेद ने व्हाट्सएप पर मैसेज भेजकर अपनी परेशानी बयां की थी। उसने लिखा था कि अस्पताल में काम करने वाली एक लड़की से बातचीत करने और उसके पास बैठने को लेकर अस्पताल के कर्मचारी उसे बार-बार परेशान करते थे। नावेद ने मैसेज में यह भी कहा कि उसकी आत्महत्या की वजह अस्पताल के कर्मचारी अनिल, अर्जुन, कमलेश और डॉ. विनिता (निवासी खानपुर) हैं।

खानपुर थाना प्रभारी रविंद्र शाह ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही सभी तथ्यों को सामने लाने का दावा किया है। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और लोग इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta