देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर रोड पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में बाइक के डिवाइडर से टकराने से तीन युवकों की मौत हो गई। मृतकों में से दो हाल ही में सेना की अग्निवीर भर्ती में चुने गए थे। तीनों उत्तरकाशी के रहने वाले थे और प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार को बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, हादसा रात करीब 1:15 बजे हुआ, जब तीनों युवक बाइक से राजपुर से घंटाघर की ओर जा रहे थे। सिल्वर सिटी के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत दून अस्पताल ले जाया गया, जहां दो युवकों की सुबह और तीसरे की शाम को इलाज के दौरान मौत हो गई।
सीओ डालनवाला अनुज आर्य ने बताया कि मृतकों की पहचान पुरोला, उत्तरकाशी निवासी 21 वर्षीय आदित्य रावत पुत्र कमल सिंह; नौगांव, उत्तरकाशी निवासी 20 वर्षीय नवीन सिंह पुत्र जयदेव सिंह और पुरोला, उत्तरकाशी निवासी 21 वर्षीय मोहित रावत पुत्र जगमोहन के रूप में हुई है। आदित्य और मोहित का चयन अग्निवीर भर्ती में हुआ था और दोनों को जल्द ही ट्रेनिंग के लिए जाना था। नवीन भी सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था।
नालापानी चौकी इंचार्ज रवि प्रसाद कवि ने बताया कि तीनों दोस्त आदित्य के भाई की बाइक पर सवार थे। आदित्य सहस्रधारा रोड पर अपने भाई और बहन के साथ रहता था, जबकि उसके भाई की नौकरी पौड़ी जिले में है। नवीन और मोहित करनपुर में रहकर नौकरी की तैयारी कर रहे थे। सूत्रों के मुताबिक, अग्निवीर में चयन की खुशी में तीनों देर रात घूमने निकले थे, लेकिन यह खुशी मातम में बदल गई।
पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हुई होगी। हादसे ने परिवारों में शोक की लहर दौड़ा दी है, खासकर उन दो युवकों के लिए जो सेना में सेवा की शुरुआत करने वाले थे।


No comments:
Post a Comment