जालना। महाराष्ट्र के जालना जिले में एक 22 वर्षीय महिला ने झगड़े के बाद अपनी सास की कथित तौर पर हत्या कर दी और शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की। नाकाम रहने पर वह मौके से फरार हो गई। पुलिस ने बुधवार को आरोपी महिला प्रतीक्षा शिंगारे को पड़ोसी परभणी शहर से गिरफ्तार कर लिया। यह सनसनीखेज घटना मंगलवार रात जालना की प्रियदर्शनी कॉलोनी में हुई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष नोपनी ने बताया कि प्रतीक्षा की शादी छह महीने पहले लातूर में निजी कंपनी में काम करने वाले आकाश शिंगारे से हुई थी। वह अपनी 45 वर्षीय सास सविता शिंगारे के साथ किराए के मकान में रहती थी। पुलिस उपनिरीक्षक राजेंद्र वाघ के अनुसार, मंगलवार रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में प्रतीक्षा ने अपनी सास का सिर दीवार पर पटक दिया और फिर रसोई के चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
हैरानी की बात यह है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को एक बैग में डालकर ठिकाने लगाने की कोशिश की, लेकिन वजन अधिक होने के कारण वह इसे हिला नहीं पाई। इसके बाद वह बुधवार सुबह करीब 6 बजे घर से भाग गई और परभणी के लिए ट्रेन में सवार हो गई। सुबह मकान मालिक ने बैग में शव देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रतीक्षा को परभणी से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में सविता की मौत सिर में गंभीर चोट के कारण होने की पुष्टि हुई है। अधिकारी ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है ताकि झगड़े की वजह और अन्य परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है।


No comments:
Post a Comment