![]() |
| file photo |
देहरादून। कुट्टू के आटे से बने व्यंजनों का सेवन करने के बाद बीमार हुए लोगों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। दून अस्पताल से डिस्चार्ज हुए दो मरीज अगले ही दिन फिर से गंभीर हालत में भर्ती हो गए। इसके साथ ही चौथे दिन भी 14 नए मरीज अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों के मुताबिक, मरीजों में तेज धड़कन और घबराहट जैसे लक्षण देखे जा रहे हैं।
अस्पताल की आपात चिकित्साधिकारी डॉ. समृद्धि ने बताया कि डिस्चार्ज के बाद दोबारा भर्ती हुए मरीजों की धड़कन असामान्य रूप से तेज थी और उन्हें घबराहट की शिकायत थी। चिकित्सकों की टीम ने उनकी जांच के बाद उन्हें तुरंत भर्ती कर लिया। इन मरीजों का इलाज फिजिशियन डॉ. विजय भंडारी की निगरानी में चल रहा है।
इधर, जिले में कुट्टू के आटे से बीमार होने का सिलसिला जारी है। बुधवार को 14 नए मरीजों को जिले के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती किया गया। वर्तमान में सात अस्पतालों में 21 मरीज भर्ती हैं, जिनमें 14 नए और शेष पुराने मरीज शामिल हैं। पिछले तीन दिनों में बड़ी संख्या में लोग कुट्टू के आटे का सेवन कर बीमार पड़ चुके हैं, लेकिन लोग अभी भी सावधानी बरतने को तैयार नहीं दिख रहे। सरकार ने लोगों से इस संबंध में सतर्क रहने की अपील की है।
बुधवार को जिले के 20 अस्पतालों में कुट्टू के आटे से बीमार मरीजों की कुल संख्या 380 तक पहुंच गई, जो मंगलवार को 366 थी। चिकित्सकों का कहना है कि कुट्टू के आटे में किसी तरह की अशुद्धि या एलर्जी पैदा करने वाले तत्व इस समस्या की वजह हो सकते हैं। मामले की जांच और लोगों को जागरूक करने के प्रयास जारी हैं।


No comments:
Post a Comment