लालकुआं। बिंदुखत्ता के संजय नगर तृतीय क्षेत्र में एक 6 वर्षीय बच्ची के अपहरण की सनसनीखेज कोशिश को मां की सतर्कता और ग्रामीणों की त्वरित कार्रवाई ने नाकाम कर दिया। रविवार को एक अज्ञात युवक बच्ची को बहला-फुसलाकर साइकिल से ले गया, लेकिन दो किलोमीटर दूर ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और बच्ची को सकुशल बचा लिया।
जानकारी के अनुसार, बच्ची अपने घर के पास दुकान पर सामान लेने गई थी। इसी दौरान पास के राजीव नगर बोरिंगपट्टा का एक युवक उसे टॉफी का लालच देकर साइकिल पर बिठाकर ले गया। दुकानदार और आसपास के लोगों ने उसे बच्ची का रिश्तेदार समझा। कुछ देर बाद बच्ची की मां ने जब उसे घर न लौटते देखा तो दुकान पर पहुंची। दुकानदार ने बताया कि एक युवक बच्ची को ले गया है।
यह सुनकर मां ने तुरंत शोर मचाया और ग्रामीणों को इकट्ठा किया। ग्रामीणों ने संजय नगर प्रथम क्षेत्र में तलाश शुरू की और दो किलोमीटर दूर बच्ची को ले जाते युवक को दबोच लिया। आरोपी को बिंदुखत्ता पुलिस चौकी ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गुस्सा है और वे आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आरोपी के परिजन भी चौकी पहुंचे और उसे बचाने की गुहार लगा रहे हैं। बच्ची के सकुशल बरामद होने से बड़ी अनहोनी टल गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक भी पास के गांव राजीव नगर बोरिंगपट्टा का निवासी है, उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं, और युवक को बचाने की गुहार लगा रहे हैं।


No comments:
Post a Comment