हमीरपुर। जम्मू-कश्मीर में आतंकवादियों से लोहा लेते हुए शहीद हुए हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के कोहलवीं गांव निवासी सूबेदार कुलदीप चंद का रविवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनके बेटे आर्यन शर्मा ने पार्थिव देह को मुखाग्नि दी।
रविवार सुबह शहीद की पार्थिव देह सैन्य वाहन से गांव पहुंची, जहां परिजनों का विलाप और "कुलदीप चंद अमर रहे" के नारे गूंज उठे। अंतिम यात्रा में स्थानीय युवाओं ने वाहन रैली निकालकर "हिंदुस्तान जिंदाबाद" के नारों के साथ वीर सपूत को विदाई दी। थल सेना और हिमाचल पुलिस की टुकड़ियों ने हवा में फायर और शस्त्र उल्टे कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उपायुक्त अमरजीत सिंह, एसपी भगत सिंह ठाकुर और एसडीएम राकेश शर्मा ने पुष्प चक्र अर्पित किए।
कुलदीप चंद दो महीने पहले छुट्टी पर घर आए थे। वे पत्नी, बेटा, बेटी और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि उनका बलिदान और शौर्य आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा।
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शहीद के बलिदान पर गहरा शोक जताया। उन्होंने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को धैर्य की प्रार्थना की।


No comments:
Post a Comment