शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले 24 घंटे मौसम के लिहाज से आफत भरे रहेंगे। मौसम विभाग और राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने भारी बारिश, ओलावृष्टि और 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शुक्रवार मध्यरात्रि से मौसम करवट लेगा, जिसका सबसे अधिक असर शनिवार को दिखेगा।
मौसम विभाग के अनुसार, जिला लाहौल-स्पीति में 21 अप्रैल की सुबह तक मध्यम से भारी बर्फबारी की संभावना है। जिला चमोली, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर और शिमला में शनिवार मध्यरात्रि तक अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि हो सकती है। जिला चमोली, कांगड़ा और कुल्लू के उत्तरी हिस्सों में 19 अप्रैल मध्यरात्रि और जिला मंडी में उसी दिन भारी बारिश के आसार हैं। इन जिलों में बिजली कड़कने और 70 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान की आशंका है। जिला ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और किन्नौर में शनिवार सुबह से रविवार दोपहर तक 55 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान और लाहौल-स्पीति में शनिवार से सोमवार तक 40-50 किमी प्रति घंटा की सतही हवाएं चलेंगी।
शुक्रवार को शिमला सहित राज्य में धूप खिली रही, जहां जिला ऊना में तापमान 38.4 डिग्री और शिमला में 26.8 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, शाम होते ही बादल छाने लगे। मौसम विभाग ने 21 अप्रैल से मौसम साफ और शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment