रानीपोखरी। रानीपोखरी के नागाघेर गांव में स्थापित देसी शराब ठेके को बड़कोट में खोले जाने की सुगबुगाहट से भड़के बड़कोट के ग्रामीणों के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज ऋषिकेश जाकर एसडीएम योगेश सिंह मेहरा से भेंट की व उन्हें विरोध स्वरूप ज्ञापन सौंपा। एसडीएम ने प्रतिनिधिमंडल को इस बारे में आबकारी विभाग से जानकारी लेने के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
कांग्रेसी के डोईवाला ब्लॉक अध्यक्ष नेता महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में ग्रामीणों के एक प्रतिनिधि मंडल ने आज एसडीएम कार्यालय ऋषिकेश में जाकर एसडीएम योगेश सिंह मेहरा से भेंट की। उन्होंने बताया कि गुपचुप ढंग से जिस स्थान पर शराब ठेके के लिए दुकाानें बनाई जा रही हैं, उसके ठीक नजदीक में एक मंदिर है। साथ ही घास पत्तियों के लिए इलाके की महिलाएं भी इसी रास्ते जंगल जाती हैं। इसके अलावा इस स्थान के पास ही लोग सड़क पर खड़े होकर वाहनों का इंतजार भी करते हैं। ऐसे में जंगल के सटे इस स्थान पर शराब ठेका खोलने से आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी होगी।
उन्होंने कहा कि इसके बाद भी यदि प्रशासन ने इस स्थान पर शराब ठेका खोलने का कदम उठाया गया तो हजारों की संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर कर सरकार के इस निर्णय का विरोध करेंगे।
महेंद्र भट्ट ने बताया कि एसडीएम योगेश सिंह मेहरा ने उन्हें इस मामले में आबकारी विभाग से रिपोर्ट मंगा कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


No comments:
Post a Comment