7 बच्चों की मां 20 साल के प्रेमी से निकाह पर अड़ी, मिस कॉल पर हुआ था प्यार - सत्यमेव जयते

Breaking

Saturday, April 19, 2025

7 बच्चों की मां 20 साल के प्रेमी से निकाह पर अड़ी, मिस कॉल पर हुआ था प्यार


मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सात बच्चों की मां एक अधेड़ महिला अपने से काफी छोटे, महज 20 साल के एक युवक से निकाह करने की जिद पर अड़ गई और गुरुवार सुबह अपने बच्चों को लेकर युवक के घर के बाहर धरने पर बैठ गई। इस मामले में युवक ने महिला पर ब्लैकमेलिंग, पैसों के लिए परेशान करने और यहां तक कि जानलेवा हमला करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे पूरा मामला और पेचीदा हो गया है।

सरधना के धर्मपुरा निवासी नाजरीन ने बताया कि करीब एक साल पहले एक मिस्ड कॉल के ज़रिए उसकी मुलाकात फतेहउल्लापुर निवासी साहिल से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और यह प्रेम प्रसंग में बदल गया। नाजरीन का कहना है कि साहिल उसके घर आने-जाने लगा था, लेकिन पिछले आठ दिनों से न तो वह उसका फोन उठा रहा है और न ही उससे मिलने आ रहा है। इसी बात से नाराज़ होकर नाजरीन गुरुवार सुबह अपने सातों बच्चों को साथ लेकर साहिल के घर पहुंच गई और उससे निकाह करने की मांग पर अडक़र धरने पर बैठ गई।

इस बीच, मामला बढ़ता देख युवक साहिल खुद एसएसपी कार्यालय पहुंचा। उसने एसएसपी को एक लिखित प्रार्थना पत्र देकर नाजरीन पर कई गंभीर आरोप लगाए। साहिल ने दावा किया कि नाजरीन उसे ब्लैकमेल कर रही है और उससे लाखों रुपये हड़प चुकी है। उसने यह भी बताया कि कुछ दिनों पहले नाजरीन ने उसे कथित तौर पर जहरीला पदार्थ देकर मारने की कोशिश की थी। साहिल का आरोप है कि अब महिला उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही है।

युवक के परिजनों ने जब महिला और बच्चों के धरने की जानकारी पुलिस को दी, तो शुरुआती तौर पर इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताया गया। हालांकि, थाना प्रभारी अशोक कुमार का कहना है कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर गई थी। उन्होंने बताया कि महिला ने साहिल से निकाह करने की बात कही है। थाना प्रभारी के मुताबिक, प्राथमिक जानकारी में पता चला है कि महिला और युवक करीब एक साल से हैदराबाद में साथ रह रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta