सिरमौर : चूड़धार की चोटी से तीन युवकों ने ढूंढ निकाला बर्फ में दबा शव, जानें कौन हो सकता है यह युवक - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, March 11, 2025

सिरमौर : चूड़धार की चोटी से तीन युवकों ने ढूंढ निकाला बर्फ में दबा शव, जानें कौन हो सकता है यह युवक


नाहन/शिमला। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार से एक शव तलाशा गया है। अभी शव की आधिकारिक रूप से शिनाख्त  नहीं हो सकी है, लेकिन इस क्षेत्र से किसी भी युवक के पिछले कुछ दिनों में चूड़धार से लापता होने की कोई दूसरी रिपोर्ट नहीं है। इसलिए माना जा रहा है कि यह शव अक्षय नामक उसी युवक का है जो शिवरात्रि के दिन चूड़धार चोटी से लापता हो गया था। शव चूड़धार में प्रसि; शिव मंदिर से करीब 200 मीटर नीचे बर्फ के नीचे दबा हुआ था, जिसे नौहराधार के तीन युवकों ने खोजा।

मिल रही जानकारी के अनुसार सिरमौर के नौहराधार के रहने वाले तीन युवक हंसराज, हरीश चौहान और तपेंद्र सोमवार सुबह चूड़धार के लिए निकले और यहां पर इन्हें एक का शव मिला। युवकों ने मौके की वीडियो भी बनाई और बताया कि शव कहां और कैसे बर्फ में दबा हुआ है। बाद में युवकों ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। युवकों के अनुसार जब वे चूड़धार की चोटी की तरफ जा रहे थे तो उन्हें नीचे कुछ कौए दिखाए दिए और उन्हें इस पर शक हुआ। बाद में युवकों ने जब मौके पर जाकर देखा तो बर्फ के नीचे एक शरीर दबा हुआ मिला। युवकों की तरफ से जारी वीडियो में बताया गया कि बर्फ के नीचे दबे युवक के नाक को खाने की कोशिश की गई है। आज शव को प्रशासन नीचे लेकर आया। 

आप को बता दें कि सिरमौर जिले में 12 हजार फीट की ऊंचाई पर शिरगुल महाराज का मंदिर है। मंदिर से करीब 500 मीटर की दूरी पर भगवान भोलेनाथ की मूर्ति है। 14 दिन पहले महाशिवरात्रि के दिन यहां पर  माथा टेकने के लिए हरियाणा के पंचकूला निवसी अक्षय अपने दोस्त विक्रम के साथ घर से निकला था। दोनों चोटी पर पहुंचने ही वाले थे कि एकदम से अक्षय गायब हो गया। शुरुआती एक सप्ताह तक पुलिस प्रशासन ने युवक की तलाश की, लेकिन बाद में अधिक बर्फबारी और तेज हवा के चलते रेस्क्यू ऑपरेशन बंद करना पड़ा। बताया जा रहा है कि यहां पर 15 फीट के करीब बर्फ जमी है।

गौरतलब है कि अक्षय पंचकूला के सेक्टर-15 में रहता है और विक्रम  सेक्टर-12 का रहने वाला है। दोनों पहले भी चूड़धार ट्रैक पर जा चुके थे, हालांकि, 26 फरवरी की शाम को दोनों मंदिर से करीब 50 मीटर दूर रह गए थे, तभी अक्षय  लापता हो गया था।

इसी बीच हिमाचल प्रदेश के सोलन के ममलीग की माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही बलजीत कौर ने युवक की तलाश के लिए पहल की थी और एक टीम बनाकर तलाशी के लिए निकली थी। हालांकि, सोमवार को बलजीत कौर और उनकी टीम के चोटी पर पहुंचने से पहले ही तीन युवकों ने एक शव तलाश लिया है। उधर, बलजीत कौर ने सोशल मीडिया पर मंगलवार को लिखा कि जैसा कि हम जानते हैं, 14 दिन पहले चूड़धार में एक घटना हुई थी, जिसमें एक ट्रेकर लापता हो गया था। 

हमारी आठ सदस्यीय टीम ने कल दो समूहों में बंटकर खोजबीन की और एक मानव शरीर का पता लगाया। हालांकि, हम इस समय कोई तस्वीर या वीडियो साझा नहीं कर सकते, क्योंकि हमें पहले स्थानीय पुलिस के साथ पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। 

एक बार सब कुछ पुष्टि हो जाने के बाद, हम आपको अपडेट देंगे। अभियान अभी भी जारी है और तब तक पूरा नहीं माना जाएगा जब तक हमारी पूरी टीम और शरीर सुरक्षित रूप से नौहराधार नहीं पहुंच जाते।  माना जा रहा कि यह लाश अक्षय की है क्योंकि यहां पर हाल फिलहाल, में कोई शख्स लापता नहीं हुआ है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta