रानीपोखरी। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी पत्नी साक्षी के साथ मंगलवार दोपहर बाद लगभग पौने तीन बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वह मसूरी के लिए रवाना हुए। वह क्रिकेटर ऋषभ पंत की बहन की शादी में शरीक होने के लिए उत्तराखंड आए हैं।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उन्हें देखकर प्रशंसक सेल्फी लेने के लिए दौड़ पड़े लेकिन सुरक्षा कर्मियों द्वारा उनको कड़ी सुरक्षा में एयरपोर्ट से बाहर लाया गया। इसके बाद वह प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए सड़क मार्ग से मसूरी के लिए रवाना हो गए।
शादी के सभी कार्यक्रम मसूरी में ही हो रहे हैं। साक्षी पंत की शादी अंकित चौधरी से हो रही है और दोनों एक-दूसरे को पिछले नौ साल से जानते हैं। पिछले साल दोनों की लंदन में सगाई हुई थी। मंगलवार को मेहंदी की रस्में हुई, जबकि शादी बुधवार को होनी है।
शादी में आइसीसी के चेयरमैन जय शाह समेत भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा व विराट कोहली के भी आने की चर्चा है। यह सभी सम्भवतः बुधवार को ही मसूरी पहुंचेंगे। शादी के लिए मसूरी का प्रसिद्ध सिवाय होटल बुक किया गया है।


No comments:
Post a Comment