हल्द्वानी...घर से चुराए लाखों के जेवर गौला नदी में छिपाए, निकालने गए तो पुलिस ने धर लिया, तीन शातिर गिरफ्तार - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, March 27, 2025

हल्द्वानी...घर से चुराए लाखों के जेवर गौला नदी में छिपाए, निकालने गए तो पुलिस ने धर लिया, तीन शातिर गिरफ्तार


हल्द्वानी। हल्द्वानी के काठगोदाम क्षेत्र में हुई एक चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। यहां आयोजित एक पत्रकारवार्ता में एसपी सिटी प्रकाश चंद ने बताया कि कुछ दिनों पहले 8 को काठगोदाम क्षेत्र के देवला तल्ला पजाया कुँवरपुर चौराहा निवासी अजीम खान ने काठगोदाम थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। अजीम खान ने बताया कि 6 मार्च को वह अपने परिवार के साथ बरेली गए थे और 8 मार्च को लौटे तो उनके घर का ताला टूटा हुआ मिला। घर का सामान बिखरा हुआ था और अलमारी से सोने-चांदी के जेवर गायब थे। इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

एसपी सिटी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल प्रहलाद नारायण मीणा के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। थानाध्यक्ष काठगोदाम दीपक बिष्ट के नेतृत्व में दो टीमों ने लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज की जांच की और संदिग्धों से पूछताछ की। कड़ी मेहनत के बाद 27 मार्च को काठगोदाम क्षेत्र से तीन शातिर चोरों- देवेन्द्र थापा उर्फ राहुल थापा (20 वर्ष), उज्जवल सिंह परगाई (22 वर्ष) और संदीप कुमार (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्होंने घटना से एक दिन पहले घर की रेकी की थी और 7 मार्च की रात को ताला तोड़कर चोरी को अंजाम दिया। चुराए गए जेवरों को गौलानदी के पास जंगल में गड्ढे में छिपा दिया गया था। जब मामला शांत हुआ तो वे जेवर लेने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, चौकर हार, सोने की नथ, दो कान के टॉप्स, चांदी की पायल, नजरी, चांदी का नोट और एक पैन कार्ड बरामद किया। मामले की जांच की जिम्मेदारी एसआई मनोज कुमार को सौंपी गई थी, जिनकी टीम ने इस मामले को सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

नैनीताल के एसएसपी प्रहलाद सिंह मीणा ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की। पुलिस अधीक्षक नगर प्रकाशचंद ने कहा कि यह सफलता पुलिस की तत्परता और समर्पण का परिणाम है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta