SOLAN UPDATE : सड़क किनारे हड्डियां, कुत्तों ने फैलाई सूअर की हड्डियां, पुलिस ने ऐसे खोला राज - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, March 27, 2025

SOLAN UPDATE : सड़क किनारे हड्डियां, कुत्तों ने फैलाई सूअर की हड्डियां, पुलिस ने ऐसे खोला राज

 


सोलन। यहां के राजगढ़ रोड पर पलक साड़ी दुकान के पास सड़क किनारे मिली जानवर की हड्डियों और मांस के टुकड़ों ने गुरुवार को हड़कंप मचा दिया। कुछ शरारती तत्वों ने इसे लेकर अफवाहें फैलाने की कोशिश की, लेकिन सोलन पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गहन जांच ने सच सामने ला दिया। यह पूरा मामला सूअर की हड्डियों का निकला, जिसे एक मांस विक्रेता ने कूड़े में फेंका था और आवारा कुत्तों ने इधर-उधर फैला दिया।  
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि 27 मार्च को पुलिस चौकी शहर सोलन में सूचना मिली थी कि पलक साड़ी दुकान के पास सड़क किनारे जानवर के मांस के टुकड़े पाए गए हैं। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए सोलन थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। मौके पर भारी भीड़ मौजूद थी और कुछ शरारती तत्व बिना सत्यता जाने लोगों को भड़काने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार, घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया। पलक साड़ी दुकान के सामने गंदे पानी की नाली के पास किसी जानवर की 6 हड्डियां बरामद हुईं, जिनमें मांस चिपका हुआ था। इसके अलावा, दुकान के बाहर टेलीफोन खंभे के पास सड़क पर 8 और बघाट बैंक के बाहर सड़क किनारे 3 हड्डियां मिलीं। ये हड्डियां देखने में किसी जानवर के जबड़े की प्रतीत हुईं, क्योंकि इनमें दांत भी लगे थे। बरामद हड्डियों और मांस को अलग-अलग प्लास्टिक लिफाफों में बंद कर, उन्हें प्लास्टिक के डिब्बों में रखा गया और नियमानुसार पुलिस कब्जे में लिया गया। मौके की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी की गई।  
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटनास्थल के पास "जायका बिरयानी" नामक ढाबा स्थित है, जिसकी नियमानुसार तलाशी ली गई। वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, फूड सेफ्टी टीम ने ढाबे से सैंपल लिए, जिन्हें परीक्षण के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी, जुन्गा भेजा जा रहा है।  

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
जांच के दौरान ओल्ड डीसी ऑफिस से सर्कुलर रोड तक लगे सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण किया गया। एक दुकान के कैमरे में रात 2 बजे एक कुत्ता ऑटो स्टैंड की ओर से सफेद रंग का थैला लाते हुए दिखा, जिसमें से वह मांस लगी हड्डियों को सड़क पर फैलाता रहा। आगे जांच में पता चला कि यह थैला उस जगह से उठाया गया था, जहां लोग कूड़ा फेंकते हैं और सुबह नगर निगम इसे साफ कर ले जाता है।  
सीसीटीवी फुटेज में रात 8:43 बजे एक स्कूटी सवार व्यक्ति ओल्ड डीसी ऑफिस की ओर से आता दिखा, जो स्कूटी से सफेद थैला निकालकर खंभे के पास कूड़े में रख देता है। बाद में कुत्ता उस थैले को उठा ले जाता है। स्कूटी का नंबर HP64B-2937 पाया गया, जो सुबाथू के जयनगर निवासी 33 वर्षीय मनोज कुमार के नाम पर पंजीकृत है।  

मांस विक्रेता से पूछताछ
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि मनोज कुमार से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह रेलवे स्टेशन रोड पर "मनोज मीट शॉप" चलाता है, जहां सूअर, मुर्गा और मछली का मांस बिकता है। उसने बताया कि उसकी दुकान में दो कर्मचारी, राजेंद्र उर्फ सोनू और राजा, काम करते हैं। सोनू को उसने अपनी स्कूटी दी थी। मनोज ने कहा कि वह पंजाब से 10-15 सूअर मंगवाता है, जिन्हें सुबाथु में रखकर काटा जाता है और फिर दुकान पर भेजा जाता है।  
सोनू से पूछताछ में उसने बताया कि 26 मार्च 2025 को सुबह सुबाथु से सूअर का मांस दुकान पर आया था। शाम को उसने सूअर का सिर काटा और हड्डियों को सफेद गारबेज बैग में डाला। रात 8:35से 8:40 बजे दुकान से निकलते वक्त वह बैग साथ ले गया और ऑटो स्टैंड के पास खंभे के पास कूड़े में फेंक दिया। उसे नहीं पता था कि इससे इतना बवाल होगा।  

दुकान के कैमरे से पुष्टि
मनोज की दुकान के कैमरे में सोनू शाम 5:22 बजे सूअर का सिर काटते और रात 8:35 बजे थैला लेकर निकलते हुए दिखा। अन्य सीसीटीवी फुटेज में भी वह स्कूटी से थैला कूड़े में रखते हुए रिकॉर्ड हुआ। जांच से साफ हुआ कि ये हड्डियां सूअर की थीं, जिन्हें कुत्तों ने फैलाया।  

पुलिस की अपील और आभार
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने कहा कि बरामद हड्डियों को SFSL जूंगा भेजा जा रहा है और नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के लिए सूचित किया गया है। उन्होंने सोलन के नागरिकों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अफवाहों को नहीं फैलाया और सामाजिक सौहार्द बनाए रखते हुए पुलिस का सहयोग किया। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और तथ्यों की पुष्टि के बिना किसी निष्कर्ष पर न पहुंचने की अपील की है।

UPDATE
सोलन: पुलिस ने कर दिया खुलासा, कुत्ते लाए थे  हड्डियां, सीसीटीवी ने बचा लिया शहर

सोलन। यहां के राजगढ़ रोड पर नाले के किनारे मिले मांस व हड्डियों के मिलने के मामले में पुलिस ने चंद घंटों में ही खुलासा कर दिया। जांच में पता चला है कि संदिग्ध हड्डियों को कुछ कुत्तों द्वारा कूड़े के ढेर से बाहर निकालकर इन जगहों पर फैलाया गया जिसकी वीडियो फुटेज के आधार पर पुष्टि की गई है। 

जांच में अभी तक इसमें किसी भी व्यक्ति की संदिग्ध संलिप्तता या शरारत नहीं सामने नहीं आ रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया  जा रहा है। मामले की जांच हर पहलू पर जारी है । सोलन के पुलिस अधीक्षक ने सभी  नगरवासियों से  अपील की है कि मामले में किसी प्रकार की अफ़वाह या गैर सत्यापित जानकारी साझा न करें। 


UPDATE

सोलन : सड़क किनारे मिलीं जानवर की हड्डियां, पुलिस ने शुरू की जांच

सोलन। सोलन के राजगढ़ रोड पर स्थित पलक साड़ी के पास आज सुबह एक अजीबोगरीब घटना सामने आई, जब सड़क किनारे किसी जानवर की हड्डियां और मांस के टुकड़े मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि थाना पर सुबह बजरिया से दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार, मौके पर शहर चौकी के पुलिसकर्मी मौजूद थे और सड़क पर काफी संख्या में लोग जमा हो गए थे। कुछ शरारती तत्व भीड़ को उकसाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मौके का गहन निरीक्षण शुरू किया। निरीक्षण के दौरान पलक साड़ी के सामने गंदे पानी की नाली के पास 6 हड्डियां बरामद की गईं, जिनमें मांस के अवशेष चिपके हुए थे। इसके अलावा, उसी स्थान से सामने टेलीफोन खंभे के पास सड़क पर 8 अन्य हड्डियां मिलीं। वहीं, 10-15 मीटर की दूरी पर बघाट बैंक के बाहर सड़क किनारे 3 और हड्डियां बरामद हुईं।


पुलिस ने सभी हड्डियों को अलग-अलग प्लास्टिक लिफाफों में पैक किया और फिर इन्हें अलग-अलग प्लास्टिक डिब्बों में बंद कर नियमानुसार कब्जे में लिया। गौरव सिंह ने बताया कि जिस स्थान पर हड्डियां मिलीं, उसके पास ही "जायका बिरयानी" नाम का एक ढाबा स्थित है। ढाबे की तलाशी ली गई, लेकिन वहां कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। हालांकि, जिला खाद्य सुरक्षा एवं मानक टीम (DFSC) ने ढाबे से सैंपल लिए हैं, जिनकी जांच की जाएगी।

बरामद हड्डियों को प्रयोगशाला परीक्षण के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (SFSL), जुन्गा भेजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहन छानबीन में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये हड्डियां कहां से आईं और इसके पीछे का कारण क्या है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta