सोलन। सोलन पुलिस ने गश्त और अपराध रोकथाम के दौरान बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना सदर सोलन की टीम ने मंगलवार रात को दोहरी दीवार के पास नाकाबंदी के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से 800 नशीली टैबलेट बरामद की गईं। यह जानकारी सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने दी।
पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के अनुसार, 26 मार्च की रात करीब 9:20 बजे सोलन शहर में गश्त कर रही पुलिस टीम ने नाकाबंदी की थी। इसी दौरान रबौण की ओर से आ रहे तीन युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उनकी पहचान उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर के मूल निवासी और वर्तमान में सोलन के कथेड़ में रहने वाले 21 वर्षीय विशाल सिंह,नेपाल के मूल निवासी और सोलन में अपेक्स हास्पीटल के पास रहने वाले बीस वर्षीय अमन कुमार और सोलन कथेड़ निवासी 19 वर्षीय सोनू के रूप में हुई।
आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से 800 नशीली टैबलेट बरामद की गईं, जो ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत प्रतिबंधित हैं। पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों से पूछताछ के दौरान वे इन नशीली दवाओं के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद उनके खिलाफ धारा 18 ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों को बरामद नशीली दवाओं सहित ड्रग निरीक्षक के हवाले करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही, पुलिस उनके पिछले आपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी इस तरह की गतिविधियों में शामिल रहे हैं या नहीं।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सोलन पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयास जारी रखेगी।


No comments:
Post a Comment