रुद्रप्रयाग। सिरोबगड़ के पास नदी से गिरे एक व्यक्ति का शव बरामद हो गया है। मृतक की पहचान अगस्तयमुनि के भटवाड़ी निवासी 55 वर्षीय चंद्रशेखर भट्ट के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने शव को खाई के रास्ते सड़क तक पहुंचाया और जिला पुलिस को सौंप दिया। रविवार को जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से एसडीआरएफ को सूचना मिली कि सिरोबगड़ के पास नदी में एक शव दिखाई दे रहा है।
इसके बाद पोस्ट रतूडा से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम तुरंत रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जानकारी मिली कि चंद्रशेखर सिरोबगड़ के पास सड़क से अनियंत्रित होकर खाई में गिर गए थे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
टीम ने जिला पुलिस और जल पुलिस के साथ मिलकर शव को खाई से बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद शव को आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस को सुपुर्द कर दिया गया।


No comments:
Post a Comment