सोलन: नशीली दवाइयों के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस की विशेष टीम ने की कार्रवाई - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, March 27, 2025

सोलन: नशीली दवाइयों के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस की विशेष टीम ने की कार्रवाई


सोलन। जिला सोलन में पुलिस ने नशीली दवाइयों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने दी। 

उनके अनुसार,25 मार्च 2025 को जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई की टीम सोलन शहर में गश्त और अपराध रोकथाम के लिए तैनात थी। इसी दौरान टीम को गुप्त सूत्रों से सूचना मिली कि शमलेच की ओर से एक ऑटो चम्बाघाट की ओर आ रहा है, जिसमें कैलाश जोशी और युगल किशोर नामक दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध नशीली दवाइयां सप्लाई करने के लिए ले जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चम्बाघाट फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी की और उक्त ऑटो को रोककर जांच की। जांच के दौरान ऑटो में सवार दो व्यक्तियों की पहचान युगल किशोर (पुत्र स्वर्गीय विद्या दत्त शर्मा, निवासी गांव मन्सार, डाकघर सलोगडा, तहसील व जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 36 वर्ष) और कैलाश जोशी (पुत्र गोविंद वल्लभ जोशी, निवासी गांव कठार, डाकघर बसाल, तहसील व जिला सोलन, हिमाचल प्रदेश, उम्र 42 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों के पास से 270 नशीली टैबलेट्स बरामद की गईं, जिनके लिए उनके पास कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज नहीं था।

पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि बरामद नशीली दवाइयां ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत प्रतिबंधित हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 18 ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को बरामद नशीली दवाइयों सहित ड्रग निरीक्षक के हवाले कर दिया गया है। साथ ही, दोनों के पूर्व अपराधिक रिकॉर्ड की जांच भी की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिला पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।



No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta