सोलन। सोलन जिले के धर्मपुर में 25 मार्च को हुई 6.5 लाख रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने दी।
एसपी गौरव सिंह के अनुसार, मूल रूप से सिरमौर के पच्छाद व फिलहाल सोलन के धर्मपुर क्षेत्र के मुसलमाना सिहारडी गांव में किराये पर रहने वाली निवासी योगिता ने 25 मार्च को पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज की थी। योगिता ने बताया कि उस दिन सुबह वह और उनके परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने काम के लिए घर से निकले थे और क्वार्टर को ताला लगाकर गए थे। शाम करीब 5:30 बजे जब वे लौटे, तो क्वार्टर का मुख्य दरवाजा खुला था और ताला गायब था। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और गोदरेज की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो गए। चोरी गए जेवरातों की कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई।
एसपी ने बताया कि इस शिकायत के आधार पर पुलिस थाना धर्मपुर में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास और राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की गई और 28 मार्च को उसे हरियाणा के चंडीमंदिर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरियाणा के पंचकुला जिले के पिंजौर के रतपुर कालोनी निवासी 53 वर्षीय राजेंद्र चौहान के रूप में हुई।
गौरव सिंह ने आगे बताया कि आरोपी से पूछताछ के लिए उसे न्यायालय में पेश कर 5 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में पता चला कि वारदात के दौरान इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल HR-49-6784 को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ सोलन व शिमला जिलों में चोरी व सेंधमारी के 6 मामले पहले से दर्ज हैं। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस अन्य संभावित सुरागों की पड़ताल कर रही है।
एसपी ने कहा कि यह गिरफ्तारी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग का परिणाम है।


No comments:
Post a Comment