देश भर में फेल सैंपल वाली दवाओं में 39 प्रतिशत हिमाचल से - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, March 30, 2025

देश भर में फेल सैंपल वाली दवाओं में 39 प्रतिशत हिमाचल से


नालागढ़। हिमाचल प्रदेश में निर्मित 38 सहित देशभर में 103 दवाएं गुणवत्ता मानकों पर खरी नहीं उतरी हैं। मार्च माह में जारी ड्रग अलर्ट से यह जानकारी सामने आई है। हिमाचल के सोलन जिले की 24, सिरमौर की 13 और ऊना की एक दवा कंपनी के सैंपल फेल हुए हैं। यानी देशभर में फेल हुए सैंपलों में से 39.14% दवाएं हिमाचल की हैं। इनमें एसिडिटी, गले की खराश, उच्च रक्तचाप, अस्थमा, दिल का दौरा, फंगल संक्रमण, टॉन्सिल, बवासीर, गठिया, एलर्जी, डायबिटीज, खांसी, बुखार, माइग्रेन, सीने का दर्द और पोषक तत्वों की कमी जैसी बीमारियों की दवाएं शामिल हैं।

राज्य ड्रग कंट्रोलर मनीष कपूर ने बताया कि जिन कंपनियों के सैंपल फेल हुए हैं, उनके खिलाफ ड्रग एंड कॉस्मेटिक एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। इन कंपनियों को नोटिस जारी किए जाएंगे और प्रशासनिक कदम उठाए जाएंगे। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) द्वारा देशभर से लिए गए 47 सैंपलों में से 21 हिमाचल के फेल हुए हैं।

फेल हुए सैंपलों में बद्दी के किशनपुरा की मार्टिन एंड ब्राउन कंपनी की एसिडिटी, अस्थमा, आंखों की जलन और निम्न रक्तचाप की दवाओं के छह सैंपल शामिल हैं। सिरमौर के कालाअंब की एसबीएस बायोटेक की मानसिक रोग की दवा पेलो परिडोल, पांवटा साहिब की थ्रीबी हेल्थकेयर की गले की खराश के लिए प्रेसकप एसपी सिरप, बद्दी की हेल्थ बायोटेक की हृदय रक्त प्रवाह बढ़ाने वाली एमिनोफिलाइन और सुन्न करने वाली बुपीवाकेन, एचजीजीएस हेल्थकेयर की ब्लड प्रेशर दवा, कंपाउंड सोडियम लॉकेट और इंफ्यूजन की दवाएं, कालाअंब की पुष्कर फार्मा की दिल के दौरे की दवा फिनाईटोईन, सोलन के सुबाथू की वी लेबोरेट्री की फंगल संक्रमण की दवा लाइन जोलिड, बद्दी की विंग्स फार्मा की टॉन्सिल की नॉरफ्लोक्सासिन, जी लेबोरेट्री की वायरल संक्रमण की अमोक्सीसिलिन, बरोटीवाला की फार्मासिट हेल्थकेयर की उच्च रक्तचाप की टेल्मीसार्टन, कालाअंब की ऑरिसन फार्मा की टेल्मीसार्टन, गोमासिस की बवासीर की लिग्नोकेन जेल और सिरमौर के शंभुवाला की सनवेट हेल्थकेयर की आयरन की कमी की दवा फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोज के सैंपल फेल हुए हैं।

यह खुलासा दवा उद्योग के लिए चिंता का विषय बना हुआ है, और प्रभावित कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की तैयारी चल रही है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta