ब्रेकिंग : प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब, सुबह दो बजे की पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए टाली - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, February 6, 2025

ब्रेकिंग : प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब, सुबह दो बजे की पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए टाली


वृंदावन। यहां के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज अब अलसुबह 2 बजे पदयात्रा करते हुए भक्तों को दर्शन देते हुए नजर नहीं आएंगे। खराब स्वास्थ्य के कारण उनकी पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने की बात सामने आ रही है। हालांकि देर शाम खबर आने लगी कि उन्हें चिकित्सालय में ले जाया गया है, लेकिन इस बात की पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। हालांकि कुछ यू ट्यूब चैनल पर प्रेमानंद महाराज की यात्रा के स्थगन को उनके नियमति मार्ग की एक सोसायटी के विरोध को भी जिम्मेदार बतायाजा रहा है। जिसमें रहने वाली महिलाओं ने बाकायदा हाथों में तख्तियां लेकर उनकी यात्रा का यह कहते हुए विरोध जताया था कि उनकी वजह से उनकी सोसायटी में आधी रात के बाद शोरगुल होता है। कहा जारहा है कि यह बात संत को पता लगी और उन्होंने अपना कार्यक्रम वापस ले लिया। 

इंस्टाग्राम पर उनके आधिकारिक अकाउंट भजनमार्ग पर उनके शिष्यों ने यह जानकारी शेयर की है। प्रेमानंद महाराज की पिछले महीने तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद स्वास्थ्य में सुधार हुआ, तो संत प्रेमानंद महाराज ने दोबारा पदयात्रा शुरू की थी। हालांकि अब इसे एक बार फिर बंद कर दिया गया है।

प्रेमानंद महाराज वृंदावन में अपने निवास स्थान से तड़के 2 बजे पदयात्रा करते हुए श्री हित राधा केली कुंज जाते थे और इस दौरान सड़क के दोनों ओर लाखों की तादाद में खड़े भक्त उनके दर्शन करते थे। लगातार भक्तों का संख्या भी बढ़ती जा रही थी और इसे भी पदयात्रा बंद करने की एक वजह बताया गया है। भजनमार्ग ऑफिशियल नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक नोट शेयर किया गया है, जिसमें भक्तों को इस बात की जानकारी दी गई है। इसके मुताबिक पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए बंद की गई है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद भक्त प्रेमानंद महाराज के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। 


संत प्रेमानंद महाराज की दोनों किडनी कई साल पहले ही फेल हो चुकी हैं और वे डायलिसिस पर हैं। महाराज जी ने एक भक्त के सवाल पर बताया था कि उन्हें किडनी की समस्या के चलते ज्यादा पानी पीने की भी परमिशन नहीं है। डॉक्टर हर सप्ताह उनका डायलिसिस करते हैं और जरूरी ट्रीटमेंट देते हैं। प्रेमानंद महाराज से मिलने के लिए हर दिन लाखों की तादाद में भक्त वृंदावन पहुंचते हैं और रात से ही सड़क किनारे महाराज जी की एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं। सुबह जब प्रेमानंद महाराज पदयात्रा पर निकलते थे, तब भक्त उनके दर्शन करते थे। हालांकि अब भक्त दर्शन नहीं कर पाएंगे।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रेमानंद महाराज ऑटोसोमल डोमिनेंट पॉलीसिस्टिक किडनी डिजीज से जूझ रहे हैं। यह बीमारी माता-पिता से बच्चों में आती है और इस डिजीज में किडनी का साइज नॉर्मल से बड़ा हो जाता है। इसकी वजह से किडनी में पानी जमा होने लगता है और वक्त के साथ किडनी काम करना बंद कर देती हैं। प्रेमानंद महाराज की दोनों किडनी करीब 19 साल से खराब हैं, लेकिन वे भक्तों को हमेशा खुश दिखाई देते हैं। किडनी खराब होने के बावजूद प्रेमानंद महाराज को देखकर लोगों को यकीन नहीं होता है कि वे किसी बीमारी से जूझ रहे हैं। इसे लोग राधा रानी का चमत्कार मानते हैं।

बताया जा रहा है कि प्रेमानंद महाराज  के आवास और  श्रीहित राधा केलि कुंज के बीच ग्रीन एनआरआई सोसायटी आती है। जब महाराज अल सुबह दो बजे केलि कुंज के लिए प्रस्थान करते हैं तो रास्ते में उनके लाखों भक्त र्कीतन भजन के साथ उनका इंतजार करते है। ऐसे में सोसायटी में रहने वाली महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर उनका विरोध किया था। उनका कहना था कि आधी रात सेही लोग उनकी सोसायटी के बाहर शोर गुल करने लगते हैं। ऐसे में उनकी नींद टूटती है। बच्चे भी पूरी नींद नहीं सो पाते साथ ही बुजुर्गों की नींद में भी बाधा आती है।

कहा जा रहा है कि यह बात महाराज को पता चली और उन्होंने अपनी यात्रा रद्द कर दी। इस बात में सच्चाई है सत्यमेव जयते इसकी पुष्टि नहीं करता।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta