देहरादून। अटल आवास योजना के तहत मकान दिलाने की एवज में आवेदक से दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए उत्तरकाशी के सहायक समाज कल्याण अधिकारी को विजिलेंस ने रंगेहाथों गिरफ्तार कर लिया। विजिलैंस के निदेशक डा. वी मुरुगेशन ने ट्रैप टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
मिली जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी में नियुक्त सहायक समाज कल्याण अधिकारी को अटल आवास योजना के तहत आवास दिलाने के नाम पर 10 हजार रुपये की घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत मिली थी कि अटल आवास योजना के तहत आवास दिलाने के नाम पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी आवेदक से 15 हजार रुपये मांग कर रहा है। पीड़ित ने अधिकारी को दस हजार रुपये से ज्यादा ना दे पाने को कहा।
इस पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी ने आवास आवंटन की पत्रावली समाज कल्याण अधिकारी, उत्तरकाशी को प्रेषित करने के एवज में दस हजार रुपये लेकर पुरोला से सोनाली गांव के पास मोरी जाने वाले रास्ते पर बुलाया। इस शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने सहायक समाज कल्याण अधिकारी मोनू कुमार गौतम को दस हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार करने के बाद टीम ने आरोपी अधिकारी के आवास और अन्य स्थानों पर भी उसकी संपत्ति को लेकर पूछताछ की। निदेशक सतर्कता डॉ. वी मुरूगेशन ने गिरफ्तार करने वाली ट्रैप टीम को पुरस्कार देने की घोषणा की है।


No comments:
Post a Comment