सोलन:अर्की कालेज में बास्केट बॉल कोर्ट और ओपन एयर जिम के नाम पर लाखों का गबन, केस दर्ज - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, February 11, 2025

सोलन:अर्की कालेज में बास्केट बॉल कोर्ट और ओपन एयर जिम के नाम पर लाखों का गबन, केस दर्ज


सोलन। राजकीय महाविद्यालय अर्की को उत्कृष्ट महाविद्यालय बनाने के लिए सरकार की ओर से जारी धनराशि की किस तरह बंदरबांट की गई है इसका उदाहरण महविद्यालय परिसर में दिखाई पड़ सकता है। यहां पौने 12 लाख रुपये का खर्च दिखाकर एक बास्केटबॉल कोर्ट और ओपन एयर जिम बनाए गए थे। लेकिन आप सूक्ष्मदर्शी लेकर भी तलाशेंगे तब भी आपको यहां यह दोनों निर्माण कार्य कहीं नहीं दिखेंगे। अब इस मामले को लेकर कालेज के प्राचार्य ने अर्की पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गत दिवस यानी दस फरवरी को अर्की कालेज के प्राचार्य ने थाने में पहुंच कर  रिपोर्ट दर्ज कराई कि वे राजकीय महाविद्यालय अर्की में अगस्त 2023 से बतौर प्राचार्य कार्यरत हैं।

प्राचार्य पद सम्भालने पर उन्होंने पाया कि राजकीय महाविद्यालय में सत्र 2021-22 में राजकीय महाविद्यालय अर्की को उत्कृष्ट महाविद्यालय बनाया गया। जिसके लिए सरकार की तरफ से एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। जिसे कालेज के विकास के लिए खर्च किया गया। कालेज रिकार्ड के अनुसार एक करोड़ रुपये में से 8 लाख 81 हजार950 रुपयों का खर्च बास्केट बाल कोर्ट बनाने के लिए किया गया। इसके अलावा तीन लाख रुपयो का खर्च ओपन एयर जिम बनाने में खर्च किया गया। 

दोनों निर्माण कार्यों पर कुल जमा 11लाख 81 हजार 950 रुपये निर्माण करने वाले ठेकेदार नंदन कांट्रेक्टर सप्लायर मण्डी  को 19 मार्च 2022 को ट्रेजरी अर्की के द्वारा बिल पास होने पर भुगतान की गई है । जबकि आज तक अर्की कालेज कैम्पस में न तो बास्केट बाल कोर्ट बना है और न ही ओपर एयर जिम। इस काम को पूरा करने के बाद उपरोक्त धनराशि को देने का

अनुमोदन 8 मार्च 2022 को कमेटी द्वारा किया गया । इस कमेटी में डा. दिनेश सिंह कवंर, डा. रमेश, डा. प्रेम पाल, रवि राम, डा. मुनीष कुमार, डा. आदर्श शर्मा व लिपिक राजेश्वर शर्मा  बतौर सदस्य शामिल थे। इस दौरान कालेज के कार्यकारी प्राचार्य डा.जगदीश चन्द शर्मा थे । जो संस्कृत के एसोसिएट प्रोफेसर थे। यह ट्रांजेक्शन सुपरिटेडेंट चमन लाल ने की थी। बास्केट बाल कोर्ट को बनाने के लिए 22 फरवरी 22 को निविदाएं आमंत्रित की गई थी। जिसमें पांच कम्पनियों ने भाग लिया ।

इनमें से चार कम्पनियों को बिना किसी कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया और अकेले नंदन कांट्रेक्टर सप्लायर मण्डी को योग्य घोषित किया । दिनांक नौ मार्च 2022 को यह करार दे दिया गया था। 12 मार्च 2022 को ठेकेदार को काम पुरा होने का सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया, जबकि न तो 12 मार्च तक बास्केट बाल कोर्ट बना था और न ही ओपन एयर जिम बना था । 

16 मार्च 2022 को इस सर्टिफिकेट के आधार पर उपरोक्त कार्य का बिल सब-ट्रेजरी अर्की को प्रस्तुत किया गया । जो 19 मार्च 2022 को पास हो गया तथा 11 लाख 81 हजार 950 रुपये नन्दन ठेकेदार के खाता में ट्रांसफर हो गये । प्राचार्य का आरोप है कि राजकीय महाविद्यालय अर्की के विकास के लिए उत्कृष्ट महाविद्यालय योजना के अन्तर्गत आई धनराशी 11लाख 81 हजार 950 रुपयों को कॉलेज कमेटी ने ठेकेदार नन्दन उपरोक्त द्वारा जाली दस्तावेज तैयार करके कपट पूर्वक

गबन कर लिया है। 

इस संबंध में अर्की पुलिस ने आईपीसी की 420, 468, 471, 34 भारतीय दण्ड संहिता में पंजीकृत किया गया है। अभियोग में आगामी अन्वेषण जारी है।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta