उत्तराखंड : काम में लापरवाही, डीएम ने तीन अफसरों का वेतन रोका - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, February 19, 2025

उत्तराखंड : काम में लापरवाही, डीएम ने तीन अफसरों का वेतन रोका


पौड़ी। जिला योजना, राज्य सेक्टर, केंद्र पोषित एवं बाह्य सहायतित योजनाओं की समीक्षा बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त श्रीनगर, नगर पालिका ईओ पौड़ी और नगर पंचायत ईओ थलीसैंण के फरवरी माह के वेतन जारी करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए। कहा कि कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 

बुधवार को आयोजित बैठक में डीएम डा.आशीष चौहान ने 28 फरवरी तक शत-प्रतिशत वित्तीय प्रगति करने, कृषि, समाज कल्याण, लोनिवि (पाबौ, श्रीनगर, लैंसडौन, निर्माण खंड पौड़ी, प्रांतीय खंड पौड़ी) को जिला योजना में 80 प्रतिशत से कम व्यय के लिए चेतावनी देते हुए व्यय प्रगति सुधारने के निर्देश दिए। 

स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रस्तुत आंकड़ों में टीकाकरण, जननी सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं में एकरूपता नहीं पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी को आंकड़ों का मिलान कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। बैठक में बताया गया कि जिला योजना में 84.86 फीसदी, राज्य सेक्टर योजनाओं में 82.85 फीसदी व केंद्र पोषित योजनाओं में 93.88 फीसदी धनराशि खर्च की गई है। 

जबकि बाह्य सहायतित योजना में 96.03 फीसदी का व्यय किया जा चुका है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत, मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद्र, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सीएमओ डॉ. पारूल गोयल आदि शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta