देहरादून/ शिमला। देश के पश्चिमी हिमालयी राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट बदलने वाला है। सोमवार और मंगलवार को एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 से 22 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। दूसरी ओर 19 फरवरी तक उत्तर पश्चिम के मैदानी इलाकों और उससे सटे मध्य भारत और पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 1-3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बताया कि पश्चिम विक्षोभ के प्रभाव से 17 से 19 फरवरी के दौरान पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में भी छिटपुट वर्षा हो सकती है। 19 और 20 फरवरी को पंजाब और हरियाणा, 20 फरवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में गरज के साथ बारिश हो सकती है। आईएमडी ने बताया कि 18 फरवरी को सक्रिय होने वाला पश्चिम विक्षोभ पूरब की तरफ बढ़ेगा और इसके प्रभाव से 19 से 22 फरवरी के दौरान गंगीय बंगाल में गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 19 से 21 फरवरी के दौरान ओडिशा और झारखंड के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है।
हिमाचल के लाहुल स्पीति जिले के ताबो में न्यूनतम तापमान -6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान ऊना में 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा। ऊना, बिलासपुर, मंडी, चंबा, सोलन और सिरमौर में यह चार से सात डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि लाहौल स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में यह - 3 से -7 डिग्री सेल्सियस के मध्य रहा। शिमला स्थित आईएमडी के स्थानीय केंद्र ने हिमाचल में 19 व 20 फरवरी को गरज के साथ वर्षा और बिजली गिरने की संभावना जताई है और यलो अलर्ट जारी किया है। 18, 21 और 22 फरवरी को जनजातीय लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों व चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के ऊंचे इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।
उत्तराखंड में शनिवार को हुई बारिश-बर्फबारी का असर रविवार को भी दिखा। सर्द हवाएं चलने से पहाड़ से लेकर मैदान तक ठंडी महसूस की गई। उधर मौसम वैज्ञानिकों ने सोमवार को भी प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।


No comments:
Post a Comment