![]() |
| हिमाचल के चंबा में बर्फ से लकदक पेड़ |
देहरादून/शिमला। उत्तराखंड व हिमाचल में आज रात से ही मौसम ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। पहाड़ में बर्फबारी और मैदान में हल्की बारिश के कारण ठंड बढ़ गई है। कल जब धूम से बर्फ पिघलेगी तब मैदानी क्षेत्रों में शीतलहर से ठंड और बढ़ जाएगी। उधर हिमाचल में पहाड़ी भाग पर बर्फ की सफेद चादर फैल गई है। उत्तराखंड में आज हर्षिल, औली और चकराता में बर्फबारी हुई। जिससे यहां की वादियां बर्फ की सफेद चादर में लिपट गई हैं। पैदल रास्तों और खेत खलियानों में बर्फ जम गई है। उधर हिमाचल के कुल्लू, लाहाैल-स्पीति, मंडी, शिमला, किन्नाैर, कांगड़ा व सिरमाैर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीती रात से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। अटल टनल रोहतांग सहित लाहौल में बर्फबारी से मनाली-केलांग के बीच वाहनों की आवाजाही थम गई है।
उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में बारिश के साथ कोहरा छाने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। साथ ही सर्द हवाओं ने ठंड में और इजाफा कर दिया है।
देर रात से हो रही औली की हसीन वादियां फिर बर्फ से लकदक हो गई हैं। औली में जमकर बर्फबारी हुई तो यहां पहुंचे पर्यटकों ने बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठाया। हालांकि बर्फ से सड़क बंद होने से पर्यटकों को आने जाने में परेशानी भी उठानी पड़ी।
![]() |
| उत्तराखंड के औली का बर्फबारी के बाद नजारा |
चमोली जिले में गुरुवार देर रात से ही मौसम बदल गया था। तड़के जब लोगों की आंखें खुली तो वादियां सफेद नजर आईं। यमुना घाटी में भी बर्फबारी से मौसम सुहावना हो गया है। यमुनोत्री धाम सहित आसपास बर्फबारी हो रही है। वहीं, हर्षिल की वादियां भी बर्फ से सराबोर नजर आई।
पहाड़ों के राजा चकराता के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सीजन का पांचवा हिमपात हुआ। गुरुवार देर रात दो बजे से ही बर्फबारी शुरू हो गई थी। आज भी बर्फबारी रुक-रुक कर जा रही है।
![]() |
| उत्तराखंड के औली का बर्फबारी के बाद नजारा |
जमीन पर पांच इंच मोटी बर्फ जम गई है। लोखंडी, लोहारी, कोटि कनासर, मोइला टॉप, जाड़ी आदि स्थानों पर स्थानीय और पर्यटक बर्फबारी का आनंद ले रहे हैं।
उधर, मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार देहरादून, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले में आज मेघ गरजने के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत में हल्की बारिश की संभावना है।
दूसरी ओर पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने फिर बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। राज्य के कुल्लू, लाहाैल-स्पीति, मंडी, शिमला, किन्नाैर, कांगड़ा व सिरमाैर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बीती रात से रुक-रुककर बर्फबारी हो रही है। निचले क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। ताजा बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। शिमला शहर में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। धर्मशाला में बारिश हो रही है। धौलाधार की पहाड़ियों पर भी ताजा हिमपात हुआ है।
माैसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 16, 21 व 22 जनवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। जबकि निचले पर्वतीय-मैदानी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसी तरह 17 से 20 जनवरी तक राज्य के मध्य और उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। वहीं निचले पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा छाए रहने का अलर्ट है।
![]() |
| हिमाचल का डलहौजी बर्फ की चादर ओढ़े हुए। |
नारकंडा और आसपास के क्षेत्र में एक से तीन इंच ताजा बर्फबारी हुई है। फिसलन के चलते नारकंडा क्षेत्र में हाईवे बाधित है। सैंज से शिमला के लिए यातायात को लुहरी-सुन्नी के रास्ते डायवर्ट किया गया है।
सड़क बहाली के लिए मशीनरी को तैनात किया गया है। छराबड़ा से कुफरी-फागू क्षेत्र में बर्फबारी से सड़क पर फिसलन है। ऊपरी शिमला के खिड़की, खड़ापत्थर में भी बर्फबारी से आवाजाही प्रभावित हुई है।
जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति और कुल्लू में गुरुवार सुबह से बर्फबारी व बारिश का दौर जारी है। अटल टनल रोहतांग सहित लाहौल में बर्फबारी से मनाली-केलांग के बीच वाहनों की आवाजाही थम गई है।
वहीं लाहौल घाटी के अंदर वाहनों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए बीआरओ ने बर्फ हटाने का काम भी बर्फबारी के बीच कर रहा है। सिस्सू से नॉर्थ पोर्टल की तरफ बर्फ हटाने के लिए मशीन तैनात की गई है। मौसम के करवट बदलने के बाद लाहौल व कुल्लू जिले में लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई हैं। वहीं, सोलन शहर और इसके आसपास के क्षेत्र में सुबह के समय हल्की बारिश हुई है।





No comments:
Post a Comment