सोलन: परवाणू से राउरकेला न पहुंचा कर दिल्ली में बेच दिए नौ सवा लाख के सेब, ट्रक मालिक भी गिरफ्तार - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, January 16, 2025

सोलन: परवाणू से राउरकेला न पहुंचा कर दिल्ली में बेच दिए नौ सवा लाख के सेब, ट्रक मालिक भी गिरफ्तार

 


सोलन। गत वर्ष 1 अक्टूबर को नौ लाख 30 हजार के सेब लेकर परवाणू से राउरकेला के लिए रवाना हुए ट्रक में भरे सेब नियत स्थान न पहुंचाकर दिल्ली में ही बेच दिए गए थे। पुलिस ने इस मामले में ट्रक चालक और गाड़ी स्वामी के चाचा को तो पहले ही गिरफ्तार कर लिया था अब पुलिस ने गाड़ी के स्वामी को भी गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अभी तक पुलिस ने ठगी करके दिल्ली में बेचे गए सेबों के 59 हजार रुपये व ट्रक को भी बरामद कर लिया है।

सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले में प्राथमिकी गत वर्ष 9 अक्टूबर को परवाणू पुलिस थाने में दर्ज की गई थी। यह शिकायत मोहाली के जिरकपुर निवासी जसपाल सिंह ने दर्ज कराई थी। जसपाल  चंडीगढ़ से जयहिन्द रोड लाईन नाम से ट्रान्सपोर्ट चलाता है। उसने बताया था कि फिलवक्त यह सेब मण्डी परवाणू से सेब ढूलाई के लिये वाहन उपलब्ध करवा रहा है । 

उसने लिखित शिकायत में दर्ज कराया कि एक अक्टूबर को उसने गाड़ी  नंबर यूपी-81एफटी-3742 परवाणू फल मंडी से सेब की 476 सेब की पेटियां उड़ीसा के राउरकेला के लिये भेजी गई थीं। यह गाड़ी पांच अक्टूबर से पहले अपने गन्तव्य पर पहुंच जानी थी परन्तु गाड़ी 9 अक्टूबर तक वहां नियत स्थान पर नहीं पहुंची।

 उसने बताया कि चालक व मालिक ने भी अपने फोन स्विच ऑफ कर लिए।  उसने संदेह जताया था कि गाड़ी उपरोक्त के मालिक रिंकू कुमार और चालक राजीव कुमार उर्फ राजू चौधरी ने धोखाधड़ी की नीयत से उपरोक्त सेब की पेटियों को बेचकर अमानत में खयानत की है। 

इस पर परवाणू पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की। पुलिस ने ट्रक चालक मेरठ निवासी 55 वर्षीय राजीव कुमार उर्फ राजू चौधरी 15 अक्टूबर 2024 को मेरठ से गिरफ्तार किया।  उससे पूछताछ के बाद पुलिस ने वाहन स्वामी रिंकू कुमार के चाचा सुरेंद्र सिंह को भी गिरफ्तार किया। आरोप है कि सुरेंद्र कुमार ने ही रिंकू और राजीव की सेब को ठिकाने लगाने में मदद की। 

एसपी के अनुसार आरोपी राजीव कुमार तथा सुरेन्द्र सिंह  से की गई पूछताछ के आधार पर थाना परवाणू की टीम ने धोखाधड़ी की इस वारदात में संलिप्त एक अन्य आरोपी वाहन मालिक रिन्कू कुमार उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से गत दिवस गिरफ्तार करने में सफलता हासिल कर ली। 

28 वर्षीय रिंकू कुमार व राजीव कुमार ने 1 अक्टूबर 2024 को परवाणू मंडी से सेब की 476 पेटियां राऊरकेला उड़ीसा पहुंचाने के लिये अपनी उपरोक्त गाड़ी में लो की थी, लोड किये गये सेब की कुल कीमत  9लाख 30 हजार   रुपये थी। 

आरोप है कि रिंकू और राजीव नेरिंकू के चाचा सुरेन्द्र सिंह  की मिलीभगत से उपरोक्त सेब की पेटियाँ राऊरकेला उड़ीसा पहुंचाने के बजाए दिल्ली में ही बेच दी। इससे मिले रुपयों को तीनों ने आपस में बांट लिया। 

एसपी गौरव सिंह ने बताया कि  जांच  के दौरान इन आरोपियों से ठगी करके बेचे गये सेब की राशि में से 59 हजार  रुपये तथा वारदात में प्रयुक्त ट्रक  नंबर यूपी 81 एफटी-3742 को जब्त कर लिया है। 

उन्होंने बताया कि इन आरोपियों के बैंक खातों का विश्लेषण भी किया जा रहा है।  रिन्कू कुमार को आज अदालत में पेश किया जाएगा। उसके पूर्व अपराधिक रिकार्ड की भी पड़ताल की जा रही है । अभियोग  की जांच जारी है। 

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta