शिमला। हिमाचल प्रदेश में सोमवार रात 17 स्थानों पर बादल फटने से भारी तबाही मची है। मंडी जिले में 15, कुल्लू और किन्नौर में एक-एक जगह बादल फटने की घटनाएं हुईं। मंडी में ब्यास नदी और नालों के उफान से 16 लोगों सहित पूरे प्रदेश में 18 लोगों की जान चली गई, जबकि 33 लोग लापता हैं।
दर्जनों लोग घायल हुए हैं। एनडीआरएफ और अन्य टीमें 332 लोगों को रेस्क्यू कर चुकी हैं। मंडी में 24 घर और 12 गोशालाएं पूरी तरह तबाह हो गईं, साथ ही 30 पशु मरे हैं। कई पुल और पटीकरी का 16 मेगावाट का पावर प्रोजेक्ट भी बाढ़ में बह गया।मंडी के थुनाग उपमंडल के कुकलाह में बादल फटने से आठ घर बह गए और 24 लोग लापता हुए, जिनमें से नौ के शव बरामद हुए।
गोहर के स्यांज में नौ लोग बाढ़ में बहे, जिनमें दो के शव मिले। बाड़ा में एक घर ढहने से छह लोग दब गए, जिनमें चार को बचा लिया गया। करसोग में पुराना बाजार नेगली पुल के पास चार लोग लापता हैं, एक शव बरामद हुआ। कुल्लू के आनी बैहना और किन्नौर के खरोगला में भी बादल फटने से नुकसान हुआ।
मंडी शहर में ब्यास नदी का पानी घुसने से अफरातफरी मची, पंडोह बाजार खाली कराया गया।एनडीआरएफ ने कुकलाह, करसोग, रिक्की, बस्सी, परवाड़ा और अन्य क्षेत्रों से सात दर्जन से अधिक लोगों को रेस्क्यू किया। हमीरपुर के बल्लह गांव में ब्यास नदी के जलस्तर बढ़ने से 51 लोग फंस गए थे, जिन्हें पांच घंटे की मशक्कत के बाद बचाया गया।
कांगड़ा, चंबा और अन्य जिलों में भी भारी बारिश और भूस्खलन से नुकसान हुआ।मौसम विभाग ने अगले छह दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है। सोलन, सिरमौर और कांगड़ा में बुधवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि 5 से 7 जुलाई तक पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी है। बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए लोगों से नदी-नालों से 500 मीटर की दूरी बनाए रखने की अपील की गई है।
प्रदेश में 406 सड़कें, 171 पेयजल योजनाएं और 1515 बिजली ट्रांसफार्मर ठप हैं। मंडी में 248 सड़कें बंद हैं, जबकि कांगड़ा, कुल्लू और शिमला में भी यातायात बाधित है। कांगड़ा में चार फ्लाइटें रद्द हुईं और भुंतर हवाई अड्डे की सेवा ठप रही।
मंडी, हमीरपुर और कांगड़ा में स्कूल बंद रहे।मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया कि प्रारंभिक आकलन में 500 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। 20 जून से 1 जुलाई तक 35667.24 लाख रुपये की क्षति का अनुमान है। आपदा प्रबंधन और विभिन्न विभाग नुकसान का आकलन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।


No comments:
Post a Comment