बंद पुल विधायक की कार के लिए खुला, शव ले जा रही एंबुलेंस के लिए नहीं खुला - सत्यमेव जयते

Breaking

Sunday, June 29, 2025

बंद पुल विधायक की कार के लिए खुला, शव ले जा रही एंबुलेंस के लिए नहीं खुला



हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में यमुना पुल की मरम्मत के कारण शनिवार सुबह 6:10 बजे से वाहनों का आवागमन बंद कर दिया गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, पैदल यात्रियों के लिए कोई रोक नहीं थी, लेकिन एक शर्मनाक घटना ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। सुबह 6:44 बजे सदर विधायक की कार को बैरिकेडिंग हटाकर रास्ता दिया गया, जबकि सुबह 9:30 बजे सुमेरपुर के टेढ़ा गांव निवासी बिंदा को अपनी मां शिव देवी (63) का शव लेकर निजी एंबुलेंस में पुल पार करने की अनुमति नहीं दी गई। 

मजबूरन बिंदा को मां का शव स्ट्रेचर पर रखकर करीब एक किलोमीटर लंबा पुल पैदल पार करना पड़ा। इसके बाद शव को ऑटो से घर ले जाना पड़ा। इस घटना ने स्थानीय प्रशासन और व्यवस्था की संवेदनहीनता को उजागर किया है। बता दें कि 21 जून को भी प्रमुख सचिव के काफिले को पुल बंद होने के बावजूद निकाला गया था।

सदर विधायक ने सफाई देते हुए कहा कि वह कार में नहीं थे। उनके बीमार भाई को उनके पिता कानपुर ले गए थे। हालांकि, इस घटना ने स्थानीय लोगों में नाराजगी पैदा कर दी है। 

यमुना पुल पर मरम्मत कार्य के तहत शनिवार को 10 नंबर पिलर की दो बेयरिंग बदली गईं और छह बेयरिंग की मरम्मत व ग्रीसिंग की गई। रविवार को कोठी नंबर आठ पर काम शुरू होगा। इस दौरान वाहनों को कुरारा-मनकी मार्ग से गुजारा जा रहा है, जो सिंगल रोड और गड्ढों से भरा होने के कारण 25 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो घंटे लग रहे हैं। सिमरा से मिश्रीपुर के बीच चार किलोमीटर का मार्ग काली मिट्टी का होने से वाहन फंस रहे हैं। ओवरलोड ट्रकों को जोल्हूपुर मार्ग से निकाला जा रहा है। 

सिंगल रोड और खराब सड़क के कारण वाहन चालकों को क्रासिंग में दिक्कत हो रही है। दरोगा राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि लोडेड ट्रक इस मार्ग से नहीं जा रहे, लेकिन खाली ट्रकों को भी सिंगल रोड के कारण परेशानी हो रही है। साइट इंजीनियर पंकज सिंह ने बताया कि मरम्मत कार्य रविवार को भी जारी रहेगा। 

पुल बंद होने से आम लोगों को हो रही परेशानी और वीआईपी वाहनों को दी जा रही छूट ने स्थानीय लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है। खासकर, एंबुलेंस को रोके जाने की घटना ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और मरम्मत कार्य जल्द पूरा किया जाए।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta