सोलन। सोलन के सलोगड़ा के मथिया गांव में नेपाली किरायदार ने अपनी 56 वर्षीय मकान मालिकिन की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद भी विषपान कर लिया। पुलिस ने उसे अचेतावस्था में कस्टडी में लेकर आईजीएमसी में उपचार के लिए भेजा है। आरोपी ने घटना को उस वक्त अंजाम दिया जब मृतका के बच्चे शूलिनी मले में घूमने गए थे। वे रात को लौटे तो मृतका को किरायदार के कमरे में लहू लुहान हालत में मृत पाया। पास ही आरोपी भी अचेत पड़ा था। बाद में पुलिस ने उसे क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया जहां से उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार सलोगड़ा निवासी देवेंद्र कुमार ने रविवार रात को पुलिस थाना सदर सोलन में शिकायत दर्ज कराई कि वे शूलिनी मेले में गए हुए थे। जबकि पिता रेलवे में कार्यरत उनके पिता सीताराम अपनी ड्यूटी पर गए थे। उनकी मां 56 वर्षीय संतोष देवी घर पर अकेली थीं। देवेंद्र ने बताया कि पिछले एक साल से उनके मकान में प्रेम नाम का एक नेपाली किरायेदार रहता था। रात को जब वह घर लौटे, तो उनकी मां घर पर नहीं थीं। तलाश के दौरान जब वह प्रेम के कमरे के बाहर पहुंचे, तो उन्हें शक हुआ। बार-बार आवाज देने के बावजूद प्रेम ने दरवाजा नहीं खोला। दरवाजा अंदर से बंद होने के कारण देवेंद्र ने उसे तोड़ दिया।
कमरे के अंदर का दृश्य दिल दहलाने वाला था। संतोष देवी फर्श पर मृत पड़ी थीं, और चारों ओर खून बिखरा हुआ था। प्रेम भी कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा था। देवेंद्र ने शक जताया कि प्रेम ने उनकी मां की हत्या की है। पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर घटनास्थल को सुरक्षित किया और साक्ष्य संग्रह के लिए स्टेट फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एसएफएसएल), जुन्गा की टीम को बुलाया।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी नेवाल के डेलग निवासी 36 वर्षीय प्रेम दिन भर शराब के नशे में था। उसने मृतका को घर पर अकेला पाकर इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। हत्या के बाद प्रेम ने कथित तौर पर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया, जिसके कारण वह अचेत हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे आईजीएमसी शिमला रेफर कर दिया गया।
पुलिस थाना सदर सोलन के प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।


No comments:
Post a Comment