हल्द्वानी। लालकुआं के बिंदुखत्ता क्षेत्र में एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगे हैं। बुधवार को हल्द्वानी में प्रेसवार्ता के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि पूर्व दरोगा कई लोगों की जमीन पर अवैध कब्जे की कोशिश कर रहा है। विरोध करने वालों के खिलाफ वह झूठे एससी एक्ट के मुकदमे दर्ज करवाता है। आरोप है कि वह पहले भी कई निर्दोष युवाओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज करवाकर बाद में उन्हें वापस लेने के बदले पैसे की उगाही करता है।
हाल ही में एक पूर्व सैनिक की जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान रिटायर्ड पुलिसकर्मी और उसके परिवार ने मजदूरों के साथ गाली-गलौज और पत्थरबाजी की। उन्होंने मजदूरों को धमकाकर काम रोकने की कोशिश की। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि इस तरह की हरकतें क्षेत्र में अशांति फैला रही हैं और निर्दोष लोगों को परेशान किया जा रहा है।
प्रभावित लोगों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की गुहार लगाई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मामले ने क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है, और लोग अब प्रशासन के रुख का इंतजार कर रहे हैं।


No comments:
Post a Comment