पूर्णिमा स्नान के बाद बीमार पड़े भगवान जगन्नाथ, 26 जून को दर्शन - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, June 11, 2025

पूर्णिमा स्नान के बाद बीमार पड़े भगवान जगन्नाथ, 26 जून को दर्शन

प्रतीक चित्र

विकासनगर। स्नान पूर्णिमा के अवसर पर कैनाल रोड स्थित जगन्नाथ मंदिर में भगवान जगन्नाथ, उनके भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा का दिव्य स्नान संपन्न हुआ। स्नान वेदी पर हुए इस पवित्र स्नान के बाद प्रभु बुखार से पीड़ित हो गए हैं। परंपरानुसार, भगवान का उपचार शुरू हो गया है और चतुर्धा विग्रह की गुप्त नीति जारी है। इस दौरान भक्त महाप्रभु के दर्शन से वंचित रहेंगे। बुधवार सुबह नौ बजे से प्रभु का उपचार शुरू हुआ, जो 26 जून तक चलेगा। इस दिन भगवान के स्वस्थ होने पर श्रद्धालु उनके दर्शन कर सकेंगे।

महंत किशोरी शरण दास ने बताया कि स्नान पूर्णिमा के बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा को 14 दिनों तक नियमित रूप से औषधीय काढ़ा दिया जाता है। यह परंपरा ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा से शुरू होकर अगले 14 दिनों तक चलती है। इस अवधि में भक्त प्रभु के स्वास्थ्य लाभ की प्रतीक्षा करते हैं। 26 जून को भगवान के स्वस्थ होने के बाद श्रद्धालुओं को दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा। इसके पश्चात विकासनगर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा और मेले का आयोजन होगा, जिसमें हजारों भक्त हिस्सा लेंगे।

दिव्य स्नान यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर पंडित ललित कृष्ण भारद्वाज, राजकुमार रोहिला, पंकज गौड़, मनीष गुप्ता, अंकित कंसल, अरुण मित्तल, पंकज गोयल, गौरव लोढ़ा, रोहित राणा, दीपक मित्तल, सूर्यकांत अग्रवाल, अश्वनी साहू, रश्मि, मेघा गुप्ता, ज्योति, मंजू शर्मा, अनु कोहली, कविता, नितिन शर्मा और मनीष बंसल सहित अनेक भक्त उपस्थित रहे। यह आयोजन भक्तों में उत्साह और श्रद्धा का प्रतीक बना। भक्त अब 26 जून का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब वे अपने आराध्य के दर्शन कर सकेंगे और रथयात्रा के उत्सव में शामिल होंगे।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta