हल्द्वानी। हल्द्वानी में कांग्रेस के जिला सचिव प्रदीप सिंह बिष्ट के घर शातिर चोरों ने सेंधमारी कर दी। मंगलवार देर रात हुई इस चोरी में चोरों ने नेता के घर से महंगी कलाई घड़ी और करीब 12 सौ रुपये की नकदी चुरा ली। हैरानी की बात यह रही कि चोरी के दौरान प्रदीप बिष्ट घर में ही थे, लेकिन मोबाइल देखते-देखते गहरी नींद में सो जाने के कारण उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी। इस लापरवाही का फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
प्रदीप सिंह बिष्ट पॉलीशीट क्षेत्र में रहते हैं। उन्होंने बताया कि उस रात वह घर पर अकेले थे, क्योंकि उनका परिवार रानीखेत ससुराल गया हुआ था। रात को वह वीडियो एडिटिंग में व्यस्त थे और फिर मोबाइल देखते हुए उन्हें नींद आ गई। इस दौरान उन्होंने न तो मुख्य दरवाजा बंद किया और न ही गेट पर ताला लगाया। रात 12 से 1 बजे के बीच चोर उनके घर में घुस आए और बाहर के कमरे में बेड पर रखी घड़ी और नकदी चुराकर भाग निकले।
जब रात करीब डेढ़ बजे प्रदीप की नींद खुली, तो उन्होंने देखा कि घर का दरवाजा खुला था और सामान बिखरा पड़ा था। महंगी घड़ी और नकदी गायब होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत काठगोदाम पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए।
प्रदीप सिंह बिष्ट ने काठगोदाम पुलिस को तहरीर देकर चोरी की घटना के खुलासे की मांग की है। थाना प्रभारी पंकज जोशी ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में भी छानबीन तेज कर दी है।
इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिसके लिए पुलिस को और सतर्कता बरतने की जरूरत है।


No comments:
Post a Comment