देहरादून। देहरादून में जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के आधुनिक उत्तराखंड के विजन को साकार करते हुए ऑटोमेटेड मैकेनिकल पार्किंग योजना को मूर्त रूप दिया है। जिला चिकित्सालय कोरोनेशन, तिब्बती मार्केट और परेडग्राउंड में तैयार की गई इन पार्किंग सुविधाओं का जल्द ही मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पण किया जाएगा।
कोरोनेशन अस्पताल में ऑटोमेटेड पार्किंग शुरू हो चुकी है, जहां डॉक्टरों और नर्सों के वाहन स्वचालित रूप से पार्क हो रहे हैं। इस सुविधा से मरीजों और तीमारदारों के लिए भू-स्तरीय पार्किंग में अतिरिक्त स्थान उपलब्ध हुआ है। परेडग्राउंड में 96, तिब्बती मार्केट में 132 और कोरोनेशन में 18 वाहनों की क्षमता वाली ये पार्किंग छोटे स्थानों पर बनाई गई हैं और इन्हें अन्य स्थानों पर स्थानांतरित भी किया जा सकता है।
जिलाधिकारी सविन बंसल की अगुवाई में तैयार इस परियोजना में दो कुशल तकनीकी ऑपरेटर तैनात किए गए हैं। पार्किंग का बीमा कवर जिला योजना से प्रदान किया जाएगा। टेस्टिंग और ट्रायल कमीशनिंग पूरी होने के बाद ये पार्किंग शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने में कारगर साबित होंगी।
यह पहल न केवल पार्किंग सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि यातायात दबाव को कम करने में भी प्रभावी होगी। जिला प्रशासन का यह प्रयोग भविष्य में अन्य स्थानों पर ऐसी पार्किंग विकसित करने की दिशा में एक सफल कदम माना जा रहा है।



No comments:
Post a Comment