सोलन। सोलन जिले के परवाणू थाना क्षेत्र के गांव जखरोड़ा में 16 मई को एक 28 वर्षीय महिला बिमला देवी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दुखद घटना की जानकारी देते हुए सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंची, जहां जखरोला निवासी तरसेम लाल की पत्नी बिमला देवी मृत अवस्था में पाई गईं।
पुलिस अधीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटना के समय बिमला का पति अपने बच्चों को स्कूल से लाने गया था। वापस लौटने पर उसने अपनी पत्नी को कमरे में चुन्नी के फंदे से लटके पाया। आनन-फानन में उसे फंदे से उतारकर स्थानीय निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर ले आए।
पुलिस ने मौके का गहन निरीक्षण किया, जिसमें मृतका के शरीर पर कोई चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए। घटनास्थल से चुन्नी का टुकड़ा बरामद किया गया, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए ईएसआई अस्पताल परवाणू ले जाया गया, जहां विसरा संरक्षित कर रासायनिक परीक्षण के लिए राज्य न्यायालयिक विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया।
गौरव सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों ने अभी तक किसी प्रकार का शक जाहिर नहीं किया है। फिर भी, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और धारा 194 बीएनएसएस 2023 के तहत कार्रवाई की जा रही है।


No comments:
Post a Comment