मोदी ने बीकानेर में दोहराए 90 के दशक के हिंदी फिल्मी डायलॉग, हो रहे ट्रोल - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, May 22, 2025

मोदी ने बीकानेर में दोहराए 90 के दशक के हिंदी फिल्मी डायलॉग, हो रहे ट्रोल



बीकानेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को राजस्थान के बीकानेर दौरे पर पाकिस्तान को कड़ा संदेश देते हुए 90 के दशक के हिंदी फिल्मों जैसे कईवीर रस से ओत प्रोत डायलॉग सुनाए। इनपर पंडाल में बैठे कार्यकर्ताओं ने भी जमकर तालियां पीटीं। पीएम ने कहा कि भारत अब सिर्फ पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) पर बात करेगा। पानी और व्यापार का कोई सवाल ही नहीं है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद उनकी यह पहली राजस्थान सभा थी, जिसमें उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को स्पष्ट करते हुए पाकिस्तान पर तीखा प्रहार किया। साथ ही, 26 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी और 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। वीररस से भरपूर इस भाषण के बाद मोदी को सोशल मीडिया पर जमकर अ्रोल किया जा रहा है।  

पीएम मोदी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा, "मेरी नसों में अब गरम लहू नहीं, सिंदूर बह रहा है। हर आतंकी हमले की पाकिस्तान को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी।" उन्होंने 22 तारीख को पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र किया, जिसमें आतंकियों ने निर्दयता से लोगों की जान ली थी। पीएम ने कहा, "उन गोलियों ने 140 करोड़ भारतीयों के सीने को छलनी किया। देश ने संकल्प लिया था कि आतंकवादियों को मिट्टी में मिला देंगे। हमारी सेना ने यह करके दिखाया।" उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि 22 मिनट में आतंकियों के नौ बड़े ठिकाने नष्ट किए गए। 

मोदी ने राजस्थान की वीर भूमि की ताकत को रेखांकित करते हुए कहा, "पांच साल पहले बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद मेरी पहली सभा चूरू में हुई थी। आज ऑपरेशन सिंदूर के बाद फिर यह संयोग बना कि मेरी पहली सभा बीकानेर में हो रही है।" उन्होंने सेना की तारीफ करते हुए कहा कि तीनों सेनाओं को खुली छूट दी गई थी, जिसके परिणामस्वरूप पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया गया। "जो हथियारों पर घमंड करते थे, वे आज मलबे में दबे हैं। यह प्रतिशोध नहीं, न्याय का नया स्वरूप है। यह समर्थ भारत का रौद्र रूप है," पीएम ने जोर देकर कहा।

उन्होंने पाकिस्तान के 'स्टेट और नॉन-स्टेट' आतंकियों के खेल को खारिज करते हुए कहा कि अब दोनों को एक ही माना जाएगा। "एटम बम की गीदड़ भभकी से भारत डरने वाला नहीं। आतंकी हमले को युद्ध माना जाएगा, और इसका जवाब सेना तय करेगी।" पीएम ने यह भी बताया कि भारत ने सात प्रतिनिधिमंडल भेजकर विश्व मंच पर पाकिस्तान का असली चेहरा उजागर करने की शुरुआत की है। 

विकास के मुद्दे पर पीएम ने कहा कि उनकी सरकार सिंचाई परियोजनाओं और नदियों को जोड़ने के कार्य को तेजी से पूरा कर रही है, जिससे राजस्थान के किसानों को लाभ होगा। उन्होंने कहा, "राजस्थान की धरती हमें सिखाती है कि देश और देशवासियों से बड़ा कुछ नहीं।" उन्होंने देशभर में तिरंगा यात्राओं का उल्लेख करते हुए कहा कि जनता का उत्साह दिखाता है कि भारत आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। 

मोदी ने अपने भाषण में बार-बार ऑपरेशन सिंदूर को भारत की नई ताकत का प्रतीक बताया। "यह भारत का नया स्वरूप है। पहले घर में घुसकर हमला किया जाता था, अब सीधे सीने पर प्रहार किया गया है।" उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि भारत का पानी उसे नहीं मिलेगा और अब बातचीत सिर्फ पीओके पर होगी। 

प्रधानमंत्री ने बीकानेर की सभा में देशवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी सरकार आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर कायम है। "मोदी का दिमाग ठंडा है, लेकिन लहू गर्म है। अब नसों में सिंदूर बह रहा है।" उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को उसकी हर हरकत की कीमत उसकी सेना और अर्थव्यवस्था दोनों से चुकानी होगी। 

इस दौरे में पीएम ने विकास और सुरक्षा के बीच संतुलन का संदेश दिया। जहां एक ओर उन्होंने रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण और सिंचाई परियोजनाओं जैसे विकास कार्यों पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर आतंकवाद के खिलाफ भारत के कठोर रुख को दोहराया। बीकानेर की इस सभा ने न केवल राजस्थान बल्कि पूरे देश में एक मजबूत संदेश पहुंचाया कि नया भारत न तो झुकेगा और न ही रुकेगा। 

पूरे भाषण के बाद भी मोदी ने देश की जनता को यह नहीं बताया कि पहलगाम में 28 लोगों को मार डालने वाले आतंकियों का क्या हुआ। उन्होंने यह भी नहीं बताया कि  भारत— पाकिस्तान के बीच ट्रंप क्या क्या रोल है। इसके अलावा भी भारत पाक संघर्ष में सेना का चेहरा बनी सेना की कर्नल सेफिया कुरैशी के खिलाफ बोलने वाले मध्यप्रदेश के मंत्री विजय शाह अब तक मंत्री कैसे बने हुए हैं। 


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta