ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के भाजपा नेता व पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर को फिरौती के लिए धमकी देने वाले मामले में जिला पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश के बरेली से पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूर्व मंत्री को जान से मारने और अपहरण की धमकी देकर मोटी रकम की मांग की थी। पुलिस गुरुवार को आरोपी को ऊना ला रही है और इस मामले से पर्दा उठाने की तैयारी में है।
मामला तब सामने आया जब वीरेंद्र कंवर को अज्ञात नंबर से चार धमकी भरे कॉल आए। कॉल करने वाले ने फिरौती न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इस घटना से जिला प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया। ऊना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद एक विशेष पुलिस दल बरेली भेजा गया, जिसने आरोपी को धर दबोचा।
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी को पूर्व मंत्री का निजी मोबाइल नंबर कैसे मिला। सवाल उठ रहे हैं कि क्या इसमें कोई अंदरूनी साजिश थी या तकनीकी तरीके से नंबर हासिल किया गया। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि क्या आरोपी अकेले काम कर रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क है।
इस गिरफ्तारी ने ऊना पुलिस की सतर्कता और तकनीकी दक्षता को सामने लाया है। जिला पुलिस जल्द ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले की पूरी जानकारी साझा कर सकती है। वीरेंद्र कंवर ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।


No comments:
Post a Comment