'नीले ड्रम' से डरे पति ने पत्नी के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट, हत्याकांड का खुलासा - सत्यमेव जयते

Breaking

Wednesday, April 2, 2025

'नीले ड्रम' से डरे पति ने पत्नी के साथ मिलकर प्रेमी को उतारा मौत के घाट, हत्याकांड का खुलासा


अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड ने सबको चौंका दिया है। यहां एक पति ने अपनी पत्नी के प्रेमी से जान का खतरा महसूस करते हुए पत्नी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने महज 48 घंटे में सीसीटीवी फुटेज की मदद से इस मामले का खुलासा कर पति-पत्नी और उनके साले को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह घटना हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की है, जहां 30 मार्च को कोशिंदर नामक व्यक्ति का शव मिला था।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार आनंद ने बताया कि मृतक कोशिंदर का जमुना देवी के साथ पिछले दो साल से अवैध संबंध था। जब यह बात जमुना के पति वीरपाल को पता चली, तो उसने पत्नी को प्रेमी से मिलने से मना किया। जमुना ने कोशिंदर से दूरी बना ली, लेकिन कोशिंदर लगातार संबंध बनाने की जिद करता रहा। इससे परेशान होकर वीरपाल और जमुना ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। योजना के तहत कोशिंदर को धोखे से बुलाया गया और दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वीरपाल ने अपने साले की मदद से अंधेरे का फायदा उठाते हुए शव को मोटरसाइकिल पर लादकर सड़क किनारे फेंक दिया।

पुलिस ने कई टीमों को जांच में लगाया और सीसीटीवी फुटेज में तीनों को शव ठिकाने लगाते हुए देखा गया। सबूतों के आधार पर वीरपाल, जमुना और उनके साले को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में वीरपाल ने बताया कि उसे कोशिंदर से अपनी जान का खतरा था। उसने कहा, "प्रेमी ने मुझे जान से मारने की धमकी दी थी। मुझे डर था कि कहीं वह मुझे मारकर ड्रम में न भर दे, जैसे मेरठ के मुस्कान-साहिल मर्डर केस में हुआ था।" वीरपाल ने पत्नी को समझाया और दोनों ने मिलकर कोशिंदर को मौत के घाट उतार दिया।

फिलहाल, पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है, जहां एक प्रेम प्रसंग ने खौफनाक हत्याकांड का रूप ले लिया।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta