उत्तराखंड : चमोली में बर्फबारी और बारिश से जनजीवन प्रभावित, देहरादून में भी बौछारें शुरू - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, April 10, 2025

उत्तराखंड : चमोली में बर्फबारी और बारिश से जनजीवन प्रभावित, देहरादून में भी बौछारें शुरू


देहरादून। उत्तराखंड में मौसम लगातार दूसरे दिन भी खराब बना हुआ है। देहरादून में गुरुवार देर शाम तेज गड़गड़ाहट के साथ बारिश शुरू हो गई, जबकि चमोली जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में तेज बारिश व ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम के इस रुख से बदरीनाथ हाईवे पर चल रहे निर्माण कार्य ठप हो गए हैं, और गोपेश्वर खेल मैदान में पानी भर गया, जिससे ट्रैक के सुधार कार्य रुक गए हैं।

देहरादून में रात करीब 8 बजे के आसपास बारिश की बौछारें शुरू हुईं, हालांकि कुछ ही देर में कई जगहों पर बारिश थम गई। इससे पहले दिनभर आसमान पर बिजली चमकती रही और गरज के साथ बादल छाए रहे। मौसम विभाग ने पहले ही गुरुवार रात के लिए आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था।

चमोली के नंदप्रयाग क्षेत्र में भारी बारिश के कारण बरसाती गदेरा उफान पर आ गया, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। गदेरे से आया मलबा बदरीनाथ हाईवे से होते हुए नंदप्रयाग बाजार की दुकानों में घुस गया। इससे मोहित, सूरज और सतीश कंडेरी की दुकानों को भारी नुकसान हुआ। बाजार में खड़े कई वाहन भी मलबे में दब गए, जिन्हें बाद में हटाया गया। जीआईसी नंदप्रयाग के पास बहने वाले एक अन्य गदेरे में जलस्तर बढ़ने से अलकनंदा नदी का जलस्तर भी बढ़ गया। हालांकि, शाम 5 बजे बारिश थमने के बाद नदियों का जलस्तर धीरे-धीरे कम होने लगा और लोगों ने राहत की सांस ली।

मौसम के इस कहर ने स्थानीय लोगों और प्रशासन के सामने कई चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। प्रभावित इलाकों में नुकसान का आकलन किया जा रहा है, और मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta