देहरादून: सीएम ने किया सरस्वती विद्या मंदिर के नए भवन का उद्घाटन, प्रतिभावान छात्रों का सम्मान - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, April 10, 2025

देहरादून: सीएम ने किया सरस्वती विद्या मंदिर के नए भवन का उद्घाटन, प्रतिभावान छात्रों का सम्मान


देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हरिद्वार के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह-2025 में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने स्कूल के नवनिर्मित भवन और स्मार्ट रूम का उद्घाटन किया। साथ ही, प्रतिभावान छात्रों और शिक्षकों को सम्मानित कर उनके कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने नए भवन और स्मार्ट रूम के उद्घाटन पर सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद जब देश अपने पैरों पर खड़ा हो रहा था, तब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान ने सरस्वती शिशु मंदिर की शुरुआत की थी। आज यह संस्थान एक विशाल वट वृक्ष की तरह देशभर में फैल गया है और बच्चों को शिक्षित कर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहा है।

उन्होंने बताया कि विद्या भारती देशभर में 12 हजार से ज्यादा स्कूल चला रहा है, जहां 35 लाख से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी विद्या भारती 50 से ज्यादा कॉलेज और एक विश्वविद्यालय संचालित कर रहा है। इन संस्थानों में छात्रों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ राष्ट्रसेवा, नैतिकता, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना सिखाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में विद्या भारती का बड़ा नेटवर्क है। माणा से लेकर धारचूला तक शिशु मंदिर और विद्या मंदिर मौजूद हैं। राज्य में 500 से ज्यादा स्कूल चल रहे हैं, जहां एक लाख से अधिक छात्र पढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस स्कूल में चार स्मार्ट क्लासरूम का उद्घाटन इस बात का सबूत है कि विद्या भारती के स्कूल किसी भी आधुनिक स्कूल से कम नहीं हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा व्यवस्था में लगातार सुधार कर रही है। उत्तराखंड में सबसे पहले नई शिक्षा नीति लागू की गई। पीएमश्री योजना के तहत 141 स्कूल बनाए गए हैं। नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय विद्यालय का निर्माण हो रहा है। 13 जिलों के 500 स्कूलों में वर्चुअल क्लासरूम की सुविधा दी गई है। सभी स्कूलों में एनसीईआरटी की किताबें अनिवार्य की गई हैं। विज्ञान को बेहतर ढंग से समझाने के लिए मोबाइल साइंस लैब की शुरुआत की गई है। कक्षा 1 से 12 तक के छात्रों को मुफ्त किताबें और कक्षा 1 से 8 तक के बच्चों को जूते व बैग भी दिए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में 20 मॉडल कॉलेज और 9 महाविद्यालय बनाए जा रहे हैं। महिला छात्रावास, आईटी लैब और परीक्षा भवनों का निर्माण भी हो रहा है। स्कूलों में शिक्षकों और कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती की जा रही है। खेलों को बढ़ावा देने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से स्टेडियम बनाए गए हैं। 8 साल की उम्र से प्रतिभावान खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेज के खिलाड़ियों को मुफ्त प्रशिक्षण, शिक्षा, आवास, भोजन और किट दी जा रही है। राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने की शुरुआत भी की गई है। इसका नतीजा है कि 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से ज्यादा मेडल जीते।

मुख्यमंत्री ने नकल माफिया पर सख्ती की बात करते हुए कहा कि राज्य में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। पहले पेपर लीक और धांधली की वजह से युवाओं का मनोबल टूटता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है। पिछले तीन साल में 22 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने छात्रों से मेहनत से पढ़ाई करने और आगे बढ़ने की अपील की।

इस अवसर पर प्रांत प्रचारक आरएसएस उत्तराखंड शैलेन्द्र, विधायक आदेश चौहान, प्रधानाचार्य लोकेंद्र अथवाल, प्रबंधक अजय शर्मा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में शिवशंकर जायसवाल, शेर सिंह रावत, रोहित भाटिया, महापौर किरण जैसल, विधायक प्रदीप बत्रा, दर्जा राज्यमंत्री देशराराज कर्णवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिलाधिकारी कर्मेंन्द्र सिंह, एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल और अन्य लोग मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta