शिमला: चिट्टा मामले में दो पुलिसकर्मी बर्खास्त, शाह सिंडिकेट से जुड़े कई सरकारी कर्मी निशाने पर - सत्यमेव जयते

Breaking

Thursday, April 17, 2025

शिमला: चिट्टा मामले में दो पुलिसकर्मी बर्खास्त, शाह सिंडिकेट से जुड़े कई सरकारी कर्मी निशाने पर


शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे मिशन क्लीन-भरोसा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। शाह सिंडिकेट से जुड़े होने और चिट्टा (हेरोइन) तस्करी में संलिप्तता के आरोप में शिमला पुलिस के दो कर्मियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है। एसएसपी शिमला संजीव गांधी ने इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह पुलिसकर्मी ही क्यों न हो।

बर्खास्त किए गए पुलिसकर्मियों में कांस्टेबल जुगल किशोर (नंबर-358) और कांस्टेबल संदीप कुमार शामिल हैं। जांच में सामने आया कि जुगल किशोर उत्तर भारत के पांच राज्यों में सक्रिय शाह सिंडिकेट का हिस्सा था, जिसके सरगना संदीप शाह सहित कई सदस्यों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, संदीप कुमार चिट्टा तस्करी के कई मामलों में संलिप्त पाया गया। शिमला पुलिस ने इस कार्रवाई को अपने ही विभाग से शुरू करते हुए सख्त संदेश दिया है।

शिमला पुलिस ने चिट्टा तस्करी में संलिप्त 24 सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्य सचिव को एक सूची भेजी है। इस सूची में हिमाचल पुलिस के जुगल किशोर और लक्ष्य, पंजाब पुलिस के अजय कुमार और देविंद्र कुमार, डॉ. सिद्धार्थ, तहसील कल्याण अधिकारी मुकुल चौहान, सिविल सप्लाई विभाग के यशवंत ठाकुर, यूको बैंक के सहायक प्रबंधक विनय गर्ग, शिक्षा विभाग के वरिष्ठ सहायक त्रिलोक नेगी, जल शक्ति विभाग के बेलदार पुरुषोत्तम, पटवारी विजय कुमार, फॉरेस्ट गार्ड प्रशांत राठौर और अनीश, एचआरटीसी कर्मी राहुल, चालक अनूप कुमार, और लोक निर्माण विभाग के राकेश कुमार जैसे कई विभागों के कर्मचारी शामिल हैं।

एसएसपी संजीव गांधी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर नशे से जुड़े सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान ने नशा तस्करी पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। स्थानीय लोग इस कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि इससे नशे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण होगा।

No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta