हरिद्वार। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में एक सनसनीखेज मामले ने नया मोड़ ले लिया है। दिल्ली की एक युवती को नौकरी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार ललित कुमार उर्फ रोबिन खारी के खिलाफ अब उसकी पत्नी ने भी उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसके पति ने रस्सी से उसका गला घोंटने की कोशिश की और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रानीपुर कोतवाली के इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने बताया कि शिवालिक नगर की रहने वाली एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसकी शादी 21 मई, 2010 को ललित कुमार उर्फ रोबिन खारी से हुई थी। शादी के शुरुआती साल ठीक रहे और 2012 में उनके दो बेटों का जन्म हुआ। लेकिन 2014 में उसके मामा ने ग्राम सलेमपुर में अपनी फैक्टरी को पति के नाम कर दिया, जिसके बाद से पति, सास कृष्णा कुमारी और जेठ अश्वनी कुमार का व्यवहार बदल गया।
महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद से उसके साथ रोजाना गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। उसने यह भी दावा किया कि पति के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं, जिसके चलते उसका उत्पीड़न और बढ़ गया। हाल ही में पति ने उसका गला रस्सी से घोंटने की कोशिश की, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
इंस्पेक्टर भंडारी ने बताया कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है और सभी पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है। उधर, ललित कुमार पहले से ही दिल्ली की एक युवती के साथ दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार है। इस नए मामले ने आरोपी की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।


No comments:
Post a Comment