लालकुआं: ट्रेन की चपेट में आने से टस्कर की मौत, वन विभाग और रेलवे पर उठे सवाल - सत्यमेव जयते

Breaking

Tuesday, April 15, 2025

लालकुआं: ट्रेन की चपेट में आने से टस्कर की मौत, वन विभाग और रेलवे पर उठे सवाल


लालकुआं। उत्तराखंड के लालकुआं में तराई पूर्वी वन प्रभाग के अंतर्गत लालकुआं-बरेली रेल मार्ग पर सोमवार रात एक नर हाथी की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के मुक्तिधाम के पास रात करीब 11 बजे हुई, जिसके बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया। 

बताया जा रहा है कि हाथी जंगल से निकलकर रेलवे लाइन पार कर रहा था, तभी आगरा फोर्ट ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हाथी उछलकर रेलवे ट्रैक के किनारे एक घर के पास जा गिरा। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। 

तराई पूर्वी वन प्रभाग, गौला रेंज के उप प्रभागीय वन अधिकारी अनिल जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि लालकुआं से आगरा जा रही ट्रेन से यह हादसा हुआ। घटनास्थल हाथी कॉरिडोर क्षेत्र में है, जहां ट्रेनों की गति सीमित करने के निर्देश हैं। उन्होंने कहा कि हादसे के समय ट्रेन की गति की जांच की जा रही है और ट्रेन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। 

यह पहला मौका नहीं है, जब इस क्षेत्र में हाथी की ट्रेन से टकराकर मौत हुई हो। पूर्व में भी इस कॉरिडोर में कई हाथी हादसों का शिकार हो चुके हैं। इस घटना ने एक बार फिर वन विभाग और रेलवे प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और वन्यजीव प्रेमियों ने इस क्षेत्र में बेहतर सुरक्षा उपायों की मांग की है।


No comments:

Post a Comment

advt

advt
ramesh chandr tamta